
राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। जब भी हमारी कोई अहम चीज खो जाती है तो बड़ी तकलीफ होती है। खासकर अगर मोबाइल जैसा कोई महत्वपूर्ण डिवाइस हो, जिसमें कॉनटैक्ट्स, फोटो जैसी खास चीजें हों। ऐसे में अगर कोई आपको खोया हुआ मोबाइल वापस दिला दे तो खुशी का ठिकाना नहीं रहता। खुशियों से भरा ऐसे ही नजारा दिखा जब निरीक्षक एमन साहू, थाना प्रभारी बसंतपुर के नेतृत्व में विभिन्न कंपनियों के 10 नग गुम मोबाइल (कुल कीमत लगभग ₹1,50,000) बरामद कर संबंधित आवेदकों को सौंपा गया। वह भी तब जब वे अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे। थाना बसंतपुर में प्राप्त आवेदनों के आधार पर गुम मोबाइलों की पतासाजी गंभीरता से करते हुए CEIR पोर्टल के माध्यम से त्वरित कार्यवाही की गई और बरामद मोबाइल आवेदकों को सुपुर्दनामा पर दिए गए।
उल्लेखनीय है कि विगत माह जनवरी में भी इसी अभियान के तहत 12 नग मोबाइल (कीमत लगभग ₹1,70,000) बरामद कर आवेदकों को सुपुर्द किए जा चुके हैं। प्रार्थीगणों द्वारा जिला पुलिस एवं थाना बसंतपुर की कार्यवाही की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया तथा आम जनता से अपील की गई कि लावारिस/गुम मोबाइल मिलने पर उसका उपयोग न कर नजदीकी थाना में जमा करें। गुम मोबाइलों की पतासाजी हेतु यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इस कार्यवाही में निरीक्षक एमन साहू (थाना प्रभारी बसंतपुर), सीसीटीएनएस आरक्षक भवानी थनापति, आरक्षक भुनेश्वर जायसी एवं अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

