बृजमोहन के बयान से सियासी हलचल

 

छग में भी कांग्रेसियों के पार्टी छोडऩे का सिलसिला जल्द शुरू होगा

रायपुर (जसेरि)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और रायपुर दक्षिण के विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस के डूबते जहाज को छोडऩे का सिलसिला जल्द ही शुरू होने वाला है। बृजमोहन के इस दावे से कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आधिकारिक तौर पर दिए बयान में अग्रवाल ने कहा कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की जनता पर जो जुल्म किए हैं, उसके हिसाब किताब का समय आ गया है।

रायपुर में महिलाओं को गैस कनेक्शन देने के कार्यक्रम में शामिल बृजमोहन अग्रवान ने कहा कि कांग्रेस के नेता भाजपा नेताओं के लिए रोज बदजुबानी का नया अध्याय लिख रहे हैं। कांग्रेस को हर हाल में विदा होना पड़ेगा। प्रदेश में अन्याय अत्याचार, भ्रष्टाचार, वादा खिलाफी से जनता त्रस्त है। अग्रवाल ने आगे कहा कि कांग्रेस इस पर ध्यान दे कि उनके बड़े बड़े नेता कांग्रेस छोड़कर क्यों जा रहे हैं। देश भर में तो कांग्रेस में भगदड़ मची ही है, जल्द ही छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस के डूबते जहाज को नेता छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि सही वक्त आने पर इसका खुलासा होगा।बृजमोहन के दिए इस बयान के बाद तय माना जा रहा है कि प्रदेश में बड़ी सियासी हलचल हो सकती है। चर्चा है कि कांग्रेस में कई गुटों में बंटे नेताओं से भाजपा संपर्क कर सकती है। दलबदल का खेला पिछले 2018 के विधानसभा चुनावों में भी देखने को मिल चुका है। कुछ महीने पहले प्रदेश सरकार के मंत्री टीएस सिंहदेव भी कह चुके हैं कि उन्हें आम आदमी पार्टी वालों ने कांग्रेस छोड़ आप में शामिल होने संपर्क किया था।

कार्यक्रम में पहुंचे बृजमोहन अग्रवाल ने गैस सिलेंडर वितरण किया। गरीबी रेखा से नीचे आने वाले परिवारों की महिलाओं को ये सौगात मिली। उन्होंने यहां लोगाों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने देश और प्रदेश की महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया। महिलाओं के कल्याण की बातें करके ठगा गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के चूल्हे चौके की चिंता भाजपा और केंद्र की सरकार ने की। इस कार्यक्रम में बृजमोहन ने 50 से अधिक महिलाओं को नए गैस कनेक्शन और चूल्हे दिए।

error: Content is protected !!