राजनांदगांव। नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 सुचारू संपन्न कराने के लिए आज कृषि उपज मंडी समिति के नवनिर्मित गोदाम में बनाए गए मतदान सामग्री वितरण से मतदान दलों को मतदान सामग्री के साथ मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया। ऊर्जा एवं उत्साह के साथ मतदान दल वाहन के माध्यम से अपने निर्धारित मतदान केन्द्र के लिए रवाना हो गए। जिले में मतदान तिथि मंगलवार 11 फरवरी को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान संपन्न होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में मतदान दलों को मतदान कार्य के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। निर्वाचन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने मतदान दलों को सामग्री वितरण के दौरान कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान दलों को सफलतापूर्वक मतदान संपन्न कराने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी। मतदान दल बारी-बारी से मतदान सामग्री लेकर वाहन से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने कहा कि नगरीय निकाय 2025 के लिए आज जिले के 5 नगरीय निकायों नगर पालिक निगम राजनांदगांव, नगर पालिका परिषद् डोंगरगढ़ तथा नगर पंचायत डोंगरगांव, छुरिया व लालबहादुर नगर में मतदान के लिए मतदान दलों को सामग्री का वितरण किया जा रहा है। सभी मतदान दल अपने मतदान केन्द्रों की ओर ड्यूटी के लिए रवाना हो रहे है। उन्होनें बताया कि 5 नगरीय निकायों में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। एक मतदान दल में 1 पीठासीन अधिकारी एवं 3 अन्य मतदान अधिकारी है। इसके अतिरिक्त सभी मतदान केन्द्रों में व्यवस्था के लिए पृथक से अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नगर निगम राजनांदगांव में 1 लाख 35 हजार 191 मतदाता है तथा 155 मतदान केन्द्र है। यहां शांतिपूर्व निर्वाचन के लिए सभी व्यवस्था की गई है। उल्लेखनीय है कि नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 अंतर्गत जिले के सभी 5 नगरीय निकायों में 11 फरवरी 2025 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान किया जाएगा। इसके लिए जिले में सभी नगरीय निकायों के 120 वार्डों में 235 मतदान केन्द्र बनाया गया है। सभी नगरीय निकायों में कुल 1 लाख 81 हजार 795 मतदाताओं की संख्या है। जिसमें 87 हजार 562 पुरूष मतदाता, 94 हजार 228 महिला मतदाता एवं 5 तृतीय लिंग मतदाता शामिल है। नगर पालिक निगम राजनांदगांव अंतर्गत महापौर के 1 पद एवं वार्ड पार्षद के 51 पदों के लिए निर्वाचन होगा। इसी प्रकार नगर पालिका परिषद् डोंगरगढ़ अंतर्गत अध्यक्ष के 1 पद एवं वार्ड पार्षद के 24 पद, नगर पंचायत डोंगरगांव, छुरिया व लालबहादुर नगर अंतर्गत अध्यक्ष के 1-1 पद एवं वार्ड पार्षद के 15-15 पदों के लिए निर्वाचन होगा।
नगर पालिक निगम राजनांदगांव के 51 वार्डों में 155 मतदान केन्द्रों बनाया गया है। जिसमें 1 लाख 35 हजार 151 मतदाता की संख्या है। इसके अंतर्गत 65 हजार 17 पुरूष मतदाता, 70 हजार 132 महिला मतदाता एवं 2 तृतीय लिंग मतदाता है। नगर पालिका परिषद् डोंगरगढ़ के 24 वार्डों में 35 मतदान केन्द्र बनाया गया है। जिसमें 28 हजार 40 मतदाता की संख्या है। इसके अंतर्गत 13 हजार 585 पुरूष मतदाता, 14 हजार 452 महिला मतदाता एवं 3 तृतीय लिंग मतदाता है। नगर पंचायत डोंगरगांव के 15 वार्डों में 15 मतदान केन्द्र बनाया गया है। जिसमें 11 हजार 942 मतदाता की संख्या है। इसके अंतर्गत 5 हजार 765 पुरूष मतदाता एवं 6 हजार 177 महिला मतदाता है। नगर पंचायत छुरिया के 15 वार्डों में 15 मतदान केन्द्र बनाया गया है। जिसमें 3 हजार 72 मतदाता की संख्या है। इसके अंतर्गत 1 हजार 442 पुरूष मतदाता एवं 1 हजार 630 महिला मतदाता है। नगर पंचायत लालबहादुर नगर के 15 वार्डों में 15 मतदान केन्द्र बनाया गया है। जिसमें 3 हजार 590 मतदाता की संख्या है। इसके अंतर्गत 1 हजार 753 पुरूष मतदाता एवं 1 हजार 837 महिला मतदाता है।