दर्द, दहशत और उदासी के बीच उमंग, उत्साह और मानवता के बिखरे लम्हे

एक और साल बीत गया 2021। जाते-जाते दर्द, दहशत और उदासी के बीच उमंग, उत्साह और मानवता के लम्हे बिखेर गया। जहां आगे बढ़ने की उम्मीदों के साथ कर गुजरने का जज्बा है। जहां कोरोना का डर है, तो उससे लड़कर आगे बढ़ने का हौसला भी है। छत्तीसगढ़ ने धर्म, जाति और सत्ता का विवाद देखा तो कानून का दम भी देखा। कुछ रिश्ते बिखरे, तो संभालने के लिए सैकड़ों हाथ भी बढ़े। ऐसे ही दर्द और उम्मीदों भरे पूरे साल को दैनिक भास्कर ने आपके लिए समेटा है 10 तस्वीरों में।

बस्तर की बेटी नैना सिंह धाकड़ ने जून में दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी (8848.86 मीटर) एवरेस्ट और चौथी सबसे ऊंची चोटी लोत्से (8516 मीटर) फतह कर ली है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली नैना प्रदेश की पहली महिला बनीं। जगदलपुर मुख्यालय से करीब 10 किमी दूर एक्टागुड़ा गांव की रहने वाली नैना सिंह करीब 10 साल से पर्वतारोहण में सक्रिय हैं।

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के बच्चे सहदेव दिदरो ने रैप सिंगर बादशाह के साथ अगस्त में अपना एलबम रिलीज किया। बेहद गरीब परिवार से आने वाले सहदेव को सोशल मीडिया के जरिए यह उपलब्धि मिली। उनके सॉन्ग ‘बचपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे’ ने देश में सुर्खियां बटोरीं। वीडियो रिलीज होने के पहले घंटे के अंदर ही 5 लाख से ज्यादा लोगों ने इसे देखा।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार के सत्ता संभालते ही ये चर्चा रही कि भूपेश बघेल को ढाई साल के लिए ही CM बनाया गया है। इसके बाद कमान टीएस सिंहदेव को सौंपी जाएगी। हालांकि कभी इस खबर पर कोई पुख्ता बात नहीं कही गई। भूपेश सरकार के 17 जून को ढाई साल पूरे हुए तो मामले ने फिर जोर पकड़ा। दिल्ली तक विधायकों की परेड हुई। हालांकि बाद में सब ठीक हो गया।

कवर्धा के वार्ड नंबर 27 के लोहारा नाका चौक इलाके में झंडा लगाने को लेकर अक्टूबर की शुरुआत में विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतर आए। एक दूसरे को पीटा। पत्थरबाजी हुई। राजनीति चलती रही। सोशल मीडिया के जरिए आग और भड़काई गई। बाद में पुलिस ने 70 लोगों की पहचान कर गिरफ्तार किया।

ACB (एंटी करप्शन ब्यूरो) टीम ने 1 जुलाई को अपने ही पूर्व मुखिया ADGP जीपी सिंह के ठिकानों पर छापे मारे। 10 करोड़ से अधिक की चल अचल संपत्ति बरामद हुई। सरेंडर करने वाले नक्सल कमांडर से रुपयों का लेन-देन, रायपुर में एक केस में आरोपी की मदद का इल्जाम भी जीपी सिंह पर लगा है। उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। सरकार ने राजद्रोह का केस भी दर्ज किया।

सुकमा में अक्टूबर में CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स) जवान रितेश रंजन ने AK-47 से फायरिंग कर अपने 4 साथियों की हत्या कर दी। इसमें 3 जवान घायल भी हुए। पता चला ड्यूटी खत्म होने के बाद जवानों के बीच मजाक मस्ती चलती थी। रितेश को साथियों का कोई मजाक बुरा लगा। इसे लेकर देर रात उसने सोते हुए जवानों को गोली मार दी।

साल 2021 तिमाही बीतने के साथ ही डराने वाली कोरोना संक्रमण की तस्वीरें फिर सामने आईं। सरकारी अस्पतालों खासकर रायपुर के अंबेडकर अस्पताल के कोविड वार्ड में ऑक्सीजन बेड फुल हो चुके थे। मरीज बाहर स्ट्रेचर पर गंभीर हालत में पड़े थे। कुछ कुर्सियों पर थे। वहीं बैठे-बैठे बेंच पर ही ऑक्सीजन लगाई गई थी। कुछ को तो स्ट्रेचर भी नसीब नहीं हुआ।

साल की शुरुआत हत्याकांड से हुई। दुर्ग के खुड़मुड़ा गांव में पति-पत्नी और उनके बुजुर्ग माता-पिता को मार दिया गया। इस पर खूब राजनीतिक हंगामा हुआ। पुलिस ने इस मामले में बड़ी बहू को गिरफ्तार किया। पता चला कि उसके अवैध संबंधों की जानकारी सास को हो गई थी। इसलिए पति और प्रेमी के साथ मिलकर मार दिया। 6 महीने बाद चार्जशीट फाइल हुई।

कोरोना संक्रमण के बीच जज्बे की तस्वीर भी प्रदेश के नक्सल प्रभावित इलाके नारायणपुर से सामने आई। नक्सलियों के कब्जे में मौजूद एक ऐसा इलाका जहां न मोबाइल की कनेक्टिविटी है, न ही सड़कें हैं। वहां एक नर्स कविता पात्र लोगों को 8 सालों से अपनी सेवाएं दे रही हैं। इसके चलते प्यार से लोग उन्हें ‘डॉक्टर’ दीदी भी कहते हैं।

छत्तीसगढ़ के बीरगांव, भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरौदा नगर निगमों सहित 15 शहरों के 370 वार्डों में आम चुनाव हुआ। इसमें 2 नगर निगम, 5 नगर पालिका और 6 नगर पंचायतों के चुनाव में कांग्रेस ने बंपर जीत दर्ज की। इसके अलावा बीरगांव नगर निगम और चरौदा नगर निगम में भी बहुमत हासिल किया।

error: Content is protected !!