राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। दिल्ली में लाल किले के पास शाम को हुई कार ब्लास्ट की घटना के मद्देनजर, पुलिस ने देर रात जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को “अलर्ट मोड पर रखते हुए एक विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया है।
पुलिस प्रशासन ने कसी कमर
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश एवं अति. पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में जिले की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए यह तत्काल कदम उठाया गया है। संवेदनशील स्थानों पर जांचः रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन जांच की गई। विशेष टीमें तैनातः बीडीएस (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) टीम और डॉग स्क्वॉड टीम द्वारा संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई। चौकसी बढ़ी: थाना बागनदी, सोमानी, डोंगरगांव, चिखली, बसंतपुर, लालबाग एवं कोतवाली क्षेत्र के चौक-चौराहों और बॉर्डर इलाकों में आने-जाने वाले वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच जारी है। सतत पेट्रोलिंगः पुलिस अधिकारियों और जवानों को निरंतर पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस की नागरिकों से अपील
राजनांदगांव पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सार्वजनिक स्थल पर पड़ी संदिग्ध वस्तु के बारे में तत्काल स्थानीय या नजदीकी पुलिस थाना को जानकारी दें। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति, सुरक्षा और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और पुलिस हर परिस्थिति में तत्पर है।

