कमला कॉलेज में हिंदी दिवस पर संगोष्ठी आयोजन संपन्न

 

राजनांदगांव (दैनिक पहुना)।  शासकीय कमला देवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय  के हिंदी विभाग में 14 सितंबर 2022 को प्राचार्य डॉ. आलोक मिश्रा की अध्यक्षता में हिंदी दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ. आलोक मिश्रा ने हिन्दी भाषा की महत्ता को प्रतिपादित करते हुए अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि हिन्दी सरल सुबोध और सरस भाषा है, विशेषकर विद्यार्थियों के लिए इस विषय में अधिक अंक प्राप्त करना आसान होता है तथा सार्वजनिक अभिव्यक्ति के लिए आसान अवसर प्राप्त होते है। अतः छात्राएँ हिन्दी भाषा में अधिक से अधिक सम्भाषण करें और अपने समस्त अभिव्यक्ति कार्य हिन्दी मे ही करें, तभी हिन्दी का मान और सम्मान बढ़ेगा।
प्राध्यापक कृष्ण कुमार द्विवेदी ने हिन्दी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश धरती में सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषाओं में हिन्दी का तीसरा स्थान है। हिन्दी आज विश्व के डेढ़ सौ से अधिक विश्व विद्यालयों में पढ़ायी जाने वाली भाषा है, जिसका अपना मानक शब्द कोष है तथा वृहद् साहित्यिक ग्रंथ होने से इसकी विशेष पहचान है।

डॉ. हरप्रीतकौर गरचा ने हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार व उपयोगिता पर प्रकाश डाला और दुनिया की अन्य भाषाओं को भी सीखने के लिए छात्राओं को प्रोत्साहित किया। डॉ. सुषमा तिवारी ने भाषा के प्राचीन इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राचीन कालीन भाषा वैदिक और संस्कृत भाषा रही है, मध्यकालीन भाषा में पाली प्राकृत रही और आधुनिक भाषा हिन्दी है। इस तरह से उन्होंने भाषा के इतिहास और महत्व को प्रतिपादित किया। डॉ. बृजबाला उइके विभागाध्यक्ष हिन्दी ने संगोष्ठी का संचालन करते हुए कहा हिन्दी की उपयोगिता और महत्व को समझते हुए हमारे संविधान निर्माताओं ने 14 सितंबर 1949 को हिन्दी को भारतीय संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। यह समूचे भारत के लिए राष्ट्रीय गौरव का दिन था। इसी समय से समूचे भारतवर्ष में प्रत्येक 14 सितंबर का दिन हिन्दी दिवस के रूप में मनाया जाता है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में श्रीमती रामकुमारी धुर्वा विभागाध्यक्ष संगीत ने सरस्वती वंदना की संगोष्ठी में महाविद्यालय की अधिकाधिक छात्राओं ने भाग लिया।

error: Content is protected !!