सेंसेक्स 1200 पॉइंट टूटा, निवेशकों को 4 लाख करोड़ का घाटा

दिल्ली। कमजोर ग्लोबल मार्केट के बीच भारतीय बाजार की शुरुआत आज भारी गिरावट के साथ हुई है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,200 पॉइंट्स टूटकर 56,926 अंक पर पहुंच गया। इससे निवेशकों को 4 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है।

पेटीएम का शेयर 3% टूटकर 870 रुपए के नए निचले स्तर पर पहुंच गया है। पॉलिसीबाजार का भी शेयर 2% नीचे है। नायका का शेयर 5% गिर कर 1,536 रुपए के नए निचले स्तर पर कारोबार कर रहा है।स्माल और मिड कैप इंडेक्स 4-4% टूटे हैं। गिरावट का मुख्य कारण यूक्रेन और रूस के बीच तनाव है। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतें 7 साल के ऊपरी स्तर पर पहुंच गई हैं। यह 93 डॉलर प्रति बैरल के पार हैं।

बाजार में यह भी अनिश्चितता है कि LIC का IPO कैसा रहेगा। सरकार अब तक का सबसे बड़ा IPO लेकर आ रही है और फाइनेंशियल सेक्टर में यह सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी होगी।

आज सेंसेक्स शुक्रवार से 1,432 अंक नीचे 56,720 पर खुला था। इसने 57,140 का ऊपरी स्तर और 56,720 का निचला स्तर पहले घंटे में ही टच कर लिया। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में केवल TCS ही बढ़त में है, बाकी 29 शेयरों में गिरावट है। बैंकिंग शेयर्स जमकर टूटे हैं। SBI 4%, HDFC 3% और ICICI बैंक का शेयर 3.50% टूटा है। शेयर मार्केट में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज 258.81 लाख करोड़ रुपए रह गया, जो शुक्रवार को 263.47 लाख करोड़ रुपए था। शुक्रवार को BSE का सेंसेक्स 773 पॉइंट्स गिर कर 58,152 पर, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 231 अंक टूटकर 17,374 पर बंद हुआ था।

गिरने वाले स्टॉक्स में अल्ट्राटेक, डॉ. रेड्‌डी, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, बजाज फिनसर्व और HDFC बैंक के शेयर 3-3% से ज्यादा टूटे हैं। एयरटेल, टाइटन, एशियन पेंट्स, मारुति, टेक महिंद्रा, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक, विप्रो नेस्ले के शेयर्स 2-2% टूटकर कारोबार कर रहे हैं। इनके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस, ITC और NTPC के शेयर्स 1-1%से ज्यादा नीचे हैं। सेंसेक्स के 148 स्टॉक अपर और 386 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब एक दिन में इनमें एक तय सीमा से ज्यादा की न तो गिरावट आ सकती है और न बढ़त हो सकती है।

निफ्टी में 360 अंकों की गिरावट
उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 360 पॉइंट्‌स गिरकर 17,003 पर कारोबार कर रहा है। यह 17,076 पर खुला था और 16,915 का निचला तथा 17,099 का ऊपरी स्तर बनाया। इसका नेक्स्ट 50 इंडेक्स 2% टूटा है जबकि मिडकैप 2.59%, बैंकिंग 2.66% और फाइनेंशियल इंडेक्स 2% टूटा है।

केवल 2 स्टॉक बढ़त में
निफ्टी के 50 स्टॉक में से केवल 2 बढ़त में हैं जबकि 48 गिरावट में हैं। बढ़ने वाले में केवल ONGC और TCS हैं। गिरने वाले प्रमुख शेयर में महिंद्रा एंड महिंद्रा, JSW स्टील, SBI, HDFC लाइफ और HDFC हैं। इससे पहले शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 773 पॉइंट्स गिर कर 58,152 पर जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 231 अंक टूटकर 17,374 पर बंद हुआ।

 

error: Content is protected !!