आज इतिहास रचने उतरेगी टीम इंडिया, 1 जीत से हासिल होंगे 3 बड़े मुकाम

IND vs NZ 3RD ODI:  भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे आज यानी मंगलवार को इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। कीवियों के पास खोने को कुछ नहीं है। वे सम्मान की लड़ाई लड़ेंगे। उधर रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया तीसरा मैच जीतकर कुछ बड़ा करने की फिराक में होगी।

आज जीते तो वनडे में बनेंगे नंबर-1

ताजा आईसीसी वनडे रैंकिंग में 113 पॉइंट्स के साथ इंग्लैंड पहले पायदान है। वहीं न्यूजीलैंड और भारत के भी 113 अंक हैं। दोनों क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। अब अगर भारतीय टीम कीवियों के खिलाफ तीसरा मैच जीत लेती है, तब वे 114 अंकों के साथ वनडे में नंबर 1 बन जाएंगे।

उस स्थिति में न्यूजीलैंड चौथे स्थान पर खिसक जाएगा और ऑस्ट्रेलिया तीसरे व इंग्लैंड दूसरे नंबर पर आ जाएगा। तब भारत टी20 के बाद वनडे रैंकिंग में भी नंबर-1 बन जाएगा।

लगातार 7वां वनडे जीतने का मौका

तीसरा वनडे जीतकर टीम इंडिया न केवल न्यूजीलैंड को क्लीन स्वीप करेगी, बल्कि लगातार 7 वनडे भी जीत लेगी। भारत को पिछली हार बांग्लादेश के हाथों मीरपुर में दिसंबर 2022 में मिली थी। तब से अब तक भारतीय टीम अजेय बनी हुई है।

इस दौरान भारत ने बांग्लादेश से एक, श्रीलंका से तीन और न्यूजीलैंड से दो मैच जीते हैं। इसके पहले इंडिया ने 2017 में लगातार 9 मैच जीते थे। तब उन्होंने वेस्टइंडीज को 1, श्रीलंका को 5 और ऑस्ट्रेलिया को 3 मैचों में शिकस्त दी थी।

तीसरे क्लीन स्वीप पर नजरें

टीम इंडिया की नजरें वनडे में न्यूजीलैंड को तीसरी बार क्लीन स्वीप करने पर होगी। मालूम हो कि भारत ने 1988 में न्यूजीलैंड को 4-0 से हराया था। इसके बाद 2010 में पांच वनडे मैचों की सीरीज पर 5-0 से कब्जा किया था। वर्तमान सीरीज में भारतीय टीम 2-0 से आगे है। ऐसे में वे कीवियों के तीसरे क्लीन स्वीप से केवल एक जीत दूर हैं।

error: Content is protected !!