


राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के अंतिम दिन आज शहर में बरघोड़ा निकाला गया और पूरा शहर “जय महावीर” के नारों से गूंज उठा। सकल जैन समाज द्वारा आज महावीर जयंती के उपलक्ष्य में सुबह 6:00 बजे प्रभात फेरी निकाली गई उसके बाद सुबह 9:00 बजे बरघोड़ा निकला जो शहर के विभिन्न मार्गो से होता हुआ वापस जैन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ।
सकल श्री जैन संघ के अध्यक्ष विनय डड्ढा, उपाध्यक्ष अशोक झांझरी, सचिव अजय सिंगी एवं कोषाध्यक्ष खुशालचंद पारख तथा आयोजन सिमिति के संजोयक मिश्रीलाल गोलछा, सह संयोजक विजय कांकरिया, उपाध्यक्ष नरेश बैद , सचिव गौतम बाफना ,सहसचिव अतिन जैन, कोषाध्यक्ष सीए ऋषभ नाहटा, श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी तथा आयोजन से जुड़े जीवन बैद, ललित भंसाली,भावेश बैद एवं रोशन गोलछा ने बताया कि महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के तहत 27 मार्च से विविध धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। 30 मार्च को सामूहिक नवकार महामंत्र का जाप जैन बगीचे में हजारों लोगों ने एक साथ किया। लोगों ने विश्व शांति की कामना की। संध्या को विभिन्न जैन संघ द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जिसका बड़ी संख्या में लोगों ने लुत्फ उठाया। इस दौरान जैन बगीचा प्रांगण लोगों से खचाखच भरा रहा। आज अंतिम दिवस सुबह 6:00 बजे जैन मंदिर प्रांगण से प्रभात फेरी निकाली गई जो नगर के विभिन्न मार्गो से होती हुई वापस जैन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। प्रभात फेरी में भी बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इसके बाद सुबह 9:00 बजे जैन मंदिर प्रांगण से बरघोड़ा निकला। बैंड बाजे के साथ निकला यह बरघोड़ा शहर के विभिन्न मार्गो से होता हुआ महावीर स्तंभ पहुंचा जहां संघ के वरिष्ठों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद बरघोड़ा वापस जैन मंदिर पहुंचा। बरघोड़ा का जगह-जगह स्वागत हुआ। बरघोड़ा के नगर भ्रमण के दौरान भगवान महावीर पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी जाती रही। इसके अलावा जय महावीर का नारा भी गूंजता रहा।बरघोड़ा में भी बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
150 लोगों ने किया रक्तदान
आयोजन समिति ने बताया कि भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष में स्वामी वात्सल्य का आयोजन सुबह 11:30 बजे से जैन बगीचे में हुआ । इसी दिन यहां प्रातः 10:30 बजे से रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया जिसमें 150लोगों द्वारा रक्तदान किया गया। दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक शरबत वितरण हुआ ।आज ही शाम को 7:30 बजे से जैन बगीचे में भजन संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन हुआ।कल्पवृक्ष जिनालय में शाम 6:00 बजे महावीर स्वामी जी की आरती हुई और शाम 7:00 से जैन बगीचे में भक्ति संध्या का आयोजन हुआ ।




































