भूपेश बघेल के स्वागत में हुड़दंग पड़ा भारी; अंबिकापुर पुलिस ने जब्त की 8 लग्जरी गाड़ियां

अंबिकापुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्वागत कार्यक्रम के बाद शहर में हुड़दंग और स्टंट करने वाले युवकों के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने चारपहिया वाहनों की खिड़कियों से लटककर स्टंट करने के मामले में आठ लग्जरी वाहन जब्त किए हैं। इनमें तीन इनोवा, चार स्कॉर्पियो और एक अर्टिगा शामिल है।

वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। स्टंटबाजी में शामिल अन्य वाहनों की तलाश जारी है। स्टंटबाजी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित है।

कब का है मामला

घटना 23 जनवरी की शाम की है, जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने अंबिकापुर पहुंचे थे। उनके स्वागत में वाहनों का काफिला गांधी चौक पहुंचा था। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से 15 से अधिक चारपहिया वाहनों में सवार युवक गांधी चौक पहुंचे थे।

वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल की

स्वागत कार्यक्रम के बाद युवक चारपहिया वाहनों से गांधी चौक, आकाशवाणी चौक, चोपड़ापारा, चौपाटी और नगर निगम कार्यालय क्षेत्र से होकर स्टंट करते हुए निकले। इस दौरान वाहन चालकों ने शीशे खोलकर खिड़कियों पर बैठकर शोर-शराबा किया और मोबाइल से रील बनाई। स्थानीय लोगों ने स्टंटबाजी के वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर साझा किए और मौखिक रूप से पुलिस को सूचना दी।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शहर के चौक-चौराहों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। प्रसारित वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नंबरों की पहचान कर आठ वाहनों को जब्त किया गया है। कुछ अन्य वाहनों की तलाश अभी जारी है।

इन धाराओं में कार्रवाई

प्रकरण में वाहन चालकों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 125, 281, 285, 3(5) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। साथ ही सभी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस का क्या कहना है

पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश अग्रवाल ने बताया कि सड़क पर स्टंट करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाल ही में पुलिस ने स्कूल संचालकों और प्राचार्यों की बैठक लेकर फेयरवेल पार्टी के नाम पर ऐसी गतिविधियों पर रोक के निर्देश भी जारी किए थे।

error: Content is protected !!