देश में नहीं है पेट्रोल-डीजल की कोई कमी, सरकार ने बताया साफ-साफ, तेल कंपनियों ने कही ये बात

ईरान- अमेरिका युद्ध का असर अब पूरी दुनिया पर दिख रहा है। सभी देशों को कच्चे तेल का संकट टेंशन दे रहा है। इस बीच भारत सरकार का कहना है कि भारत के पास फिलहाल कच्चे तेल, पेट्रोल-डीजल, LPG का पर्याप्त भंडार मौजूद है। साथ ही तेल कंपनियां खाड़ी क्षेत्र के बाहर के देशों से भी आयात बढ़ाकर आपूर्ति में आई कमी को पूरा कर रही हैं। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, विशेषकर इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर प्रसारित किए जा रहे दावे पूरी तरह से निराधार और फर्जी पाए गए हैं। पेट्रोलियम कंपनियों और आधिकारिक स्रोतों ने स्पष्ट किया है कि भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडार है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

ईरान-इजरायल युद्ध के बीच सरकार ने बताया है कि भारत के पास कच्चे तेल, तेल उत्पादों और एलपीजी का पर्याप्त भंडार है। देश होर्मुज स्ट्रेट्स से संभावित आपूर्ति कमी को पूरा करने के लिए अन्य क्षेत्रों से आपूर्ति बढ़ा रहा है।  

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि फिलहाल भारत ऊर्जा आपूर्ति के मामले में आरामदायक स्थिति में है। उन्होंने बताया कि हमारे पास ‘हॉर्मुज स्ट्रेट’ में फंसे भंडार से कहीं अधिक ऊर्जा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि देश के पास कच्चे तेल, तेल उत्पादों और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक है और जरूरत पड़ने पर दूसरे देशों से आयात बढ़ाकर आपूर्ति की कमी पूरी की जाएगी।

Indian Oil कंपनी ने स्पष्ट किया है कि आपूर्ति और वितरण नेटवर्क सामान्य है। पानीपत रिफाइनरी से जुड़े कुछ वीडियो पर स्पष्टीकरण देते हुए कंपनी ने कहा कि श्रमिकों और ठेकेदारों के बीच का विवाद सुलझा लिया गया है और रिफाइनरी का संचालन सुचारु है। कंपनी ने एक्स पर लिखा कि सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीज़ल की कमी को लेकर फैल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं। भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति व वितरण नेटवर्क सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं। सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।

सरकारी अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि एमआरपीएल रिफाइनरी बंद होने की खबरें गलत हैं। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और एलपीजी बनाने वाली सभी रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी तरह की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। अधिकारी ने बताया कि सरकार जरूरत पड़ने पर पेट्रोकेमिकल उत्पादों का इस्तेमाल भी घरेलू मांग को पूरा करने के लिए करेगी, ताकि किसी भी तरह की कमी न हो।

HPCL ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे घबराहट में आकर पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। देशभर में ईंधन की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के पर्याप्त भंडार उपलब्ध हैं तथा आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि घबराहट में पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!