धमतरी। 16 साल बाद शिक्षाकर्मी वर्ग-तीन भर्ती 2007 फर्जीवाड़ा के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी प्रमाण पत्र व अंक तालिका में हेरफेर कर अपात्र लोगों का चयन किया था। ग्राम चंदना निवासी शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार साहू की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
मगरलोड पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चंदना निवासी कृष्ण कुमार साहू द्वारा वर्ष 2007 की शिक्षाकर्मी वर्ग-तीन भर्ती प्रक्रिया में फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र एवं अंकों में हेरफेर कर चयन कराने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने भर्ती में शामिल आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया था, लेकिन गिरफ्तारी नहीं किया था।
रिपोर्ट दर्ज करने के 16 साल बाद मगरलोड पुलिस ने अब जाकर शिक्षाकर्मी वर्ग-तीन भर्ती फर्जीवाड़ा के आरोपी शिक्षाकर्मी ईशु कुमार निवासी कमरौद थाना मगरलोड जिला धमतरी, सिताराम निवासी मेघा थाना मगरलोड, जिला धमतरी और चयन समिति में शामिल पूर्व जनपद उपाध्यक्ष कोमल सिंह यदु निवासी मोंहदी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
सभी आरोपियों पर फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर अपात्र अभ्यर्थियों को चयनित कराने तथा पात्र अनुसूचित जाति-जनजाति अभ्यर्थियों को जानबूझकर वंचित करने के साक्ष्य प्राप्त हुए है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही इस मामले में कई अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा, जो सालों से फरार चल रहा था।


