रंग लगाने, पारिवारिक झगड़े और पैसों की लड़ाई में तीन हत्याएं, पुलिस ने 10 आरोपियों को किया अरेस्ट

रायपुर। होली के दौरान रायपुर शहर और ग्रामीण इलाकों में हुई हिंसक घटनाओं में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या और हमले के मामलों को सुलझा लिया है। विधानसभा, आरंग और गंज थाना क्षेत्रों में हुई अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने कुल 10 आरोपितों और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है।

4 और 5 मार्च के बीच लगभग 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग हत्याओं की वारदात सामने आई थीं। पुलिस ने त्वरित जांच, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर आरोपितों को पकड़ते हुए मामलों का खुलासा किया।

पारिवारिक विवाद में भाइयों ने ही कर दी भाई की हत्या

विधानसभा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां दो सगे भाइयों ने मिलकर अपने ही भाई की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार ग्राम मटिया निवासी लोकनाथ विश्वकर्मा ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।

रिपोर्ट के मुताबिक 4 मार्च की सुबह करीब नौ बजे कमलेश विश्वकर्मा के बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इस स्थिति में दिनेश विश्वकर्मा बच्चे को अस्पताल ले गया। इसी बात को लेकर कमलेश विश्वकर्मा और अखिलेश विश्वकर्मा नाराज हो गए और दिनेश से बहस करने लगे।

कहासुनी धीरे-धीरे गंभीर विवाद में बदल गई। गुस्से में दोनों भाइयों ने दिनेश विश्वकर्मा पर हाथ-मुक्कों और डंडे से हमला कर दिया। हमले में दिनेश को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित कमलेश विश्वकर्मा (27) और अखिलेश विश्वकर्मा (32) को गिरफ्तार कर लिया।

रंग लगाने से मना करने पर युवक की चाकू मारकर हत्या

आरंग थाना क्षेत्र में होली खेलने के दौरान रंग लगाने को लेकर हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। रंग लगाने से मना करने पर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार 4 मार्च को मोनू ठाकुर, निलेश लोधी और नीरज लोधी मोटरसाइकिल से चाय पीने के लिए जा रहे थे। रास्ते में केंवसी साहू पारा स्थित संदीप किराना स्टोर के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और जबरन रंग लगाने की कोशिश की।

नीरज लोधी ने इसका विरोध किया और रंग लगाने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपितों ने तीनों युवकों को मोटरसाइकिल से गिरा दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

इसी दौरान ध्रुव निषाद और उसके साथियों ने हमला कर दिया। झगड़े के दौरान मनीष निषाद उर्फ संजू ने अपने पास मौजूद चाकू से नीरज लोधी पर कई वार कर दिए। उसके सीने, पीठ और कमर पर चाकू से हमला किया गया, जिससे नीरज लोधी की मौके पर ही मौत हो गई।

इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनीष कुमार निषाद उर्फ संजू, योगेन्द्र निषाद उर्फ बीरू, गौतम साहू, भोजराम निषाद, राहुल साहू, नेमीचंद साहू और धनेश निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और चूड़ा भी बरामद किया है।

रेलवे इंजीनियरिंग कालोनी के पीछे दोस्त ने की हत्या

गंज थाना क्षेत्र में फाफाडीह स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कालोनी के पीछे नाले के पास मिले युवक के शव के मामले में भी पुलिस ने जांच पूरी कर हत्या की गुत्थी सुलझा ली है।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय राजा साहू निवासी चुनाभट्ठी के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि 5 मार्च की सुबह राजा साहू अपने परिचित बिट्टू यादव (19) के साथ घर से निकला था।

पुलिस ने आसपास के क्षेत्र के CCTV फुटेज खंगाले, जिनमें दोनों को एक साथ जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने बिट्टू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान बिट्टू यादव ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसकी गाड़ी को नुकसान हुआ था, जिसका पैसा वह राजा साहू से मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने राजा साहू पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

24 घंटे में तीन हत्या से इलाके में सनसनी

होली के दौरान 4 और 5 मार्च के बीच करीब 24 घंटे में तीन हत्या की घटनाओं ने रायपुर शहर और ग्रामीण इलाकों में सनसनी फैला दी थी। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी मामलों में आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और घटनाओं की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!