बीजेपी नेता सागर साहू को भाजपा कार्यालय में दी गई श्रद्धांजलि

नारायणपुर। भारतीय जनता पार्टी के नेता सागर साहू की शवयात्रा आज जिला अस्पताल से भाजपा कार्यालय ले जाई गई। इस दौरान परिवार और परिजन भावुक हो उठे। वहीं पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी इसमें शामिल रहे। नक्सलियों की गोली का शिकार हुए भाजपा नेता सागर साहू की शोकसभा भाजपा कार्यालय में होगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे।
क्या हुआ था बीती रात… इसके संबंध में कई हैरतअंगेज जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम ने वारदात को अंजाम दिया है। गोली मारने के लिए AK-47 का इस्तेमाल किया गया है। वहीं घर तक पहुंचने और वहां से फरार होने के लिए मोटरसाइकिल के इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है। गोली फायर होने के बाद दिवंगत भाजपा नेता के पत्नी व बच्चों को वारदात की जानकारी हुई। इसके बाद घर में चीत्कार मच गया। देखते ही देखते यह जानकारी पड़ोसियों व स्थानीय लोगों को भी मिल गई।
जानकारी के मुताबिक घटना की रात लगभग 8 बजे सागर साहू टीवी देख रहे थे। तभी दरवाजे में मौत ने दस्तक दी। माना जा रहा है कि बाइक में पहुंचे दो नक्सलियों ने दरवाजा खटखटाया और देखते ही देखते AK-47 से फायर कर दिए। माना जा रहा है कि गोली की आ‍वाज सुनकर पत्नी जो कि किचन में खाना बना रहीं थीं और अंदर पढ़ाई कर रहे बच्चे हाल में पहुंचे। वहां सोफे में सागर साहू को खून से लथपथ देख सभी सकते में आ गए। इसी दौरान दो लोगों को बाइक से भागते हुए उन्होंने देखा। स्थानीय लोगों की मानें तो गोली लगने के बाद भी सागर की सांस चल रही थी। यह देख सागर साहू को छोटे डोंगर के अस्पताल ले जाया गया वहां से डॉक्टर ने उन्हें नारायणपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। माना जा रहा है कि छोटे डोंगर अस्पताल से जब तक सागर साहू को नारायणपुर जिला अस्पताल ले जाया गया उनकी सांसे थम चुकी थीं.

error: Content is protected !!