‘भारत-पाकिस्तान युद्ध ट्रंप ने नहीं रुकवाया’, अमेरिकी सांसद ने खोली पोल, सुनाई ऑपरेशन सिंदूर की सच्ची कहानी

अमेरिका के प्रभावशाली सीनेटर और सीनेट इंटेलिजेंस कमेटी के अध्यक्ष मार्क वॉर्नर ने डोनाल्ड ट्रंप के उन दावों की पोल खोल दी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मई 2025 में हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत-पाकिस्तान को उन्होंने युद्ध से रोका. मार्क वॉर्नर ने कहा कि हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव को खत्म करने में अमेरिका की भूमिका को जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया. सच ये है कि दोनों देशों ने खुद ही इस मुद्दे को सुलझाया था.

भारत की ओर से पहलगाम हमले के जवाब में शुरूकिए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पाकिस्तान और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जो दावे किए, उस पर अमेरिका के ही सांसद ने पोल खोल दी है.

मार्क वॉर्नर ने चेतावनी दी कि ऐसी बातें कूटनीतिक माहौल को बिगाड़ सकती हैं और इस संवेदनशील समय में क्षेत्रीय तनाव को और हवा दे सकती हैं. वॉर्नर ने चेताया कि अमेरिका की भूमिका को बढ़ा-चढ़ाकर बताना क्षेत्रीय संतुलन को और जटिल बना सकता है और भारत-अमेरिका के रिश्तों को अस्थिर कर सकता है. समाचार एजेंसी आईएएनएस को दिए एक खास इंटरव्यू में वॉर्नर ने कहा कि मौजूदा जानकारी इस बात का समर्थन नहीं करती कि वाशिंगटन ने अकेले ही इस तनाव को सुलझाया.

मार्क वॉर्नर ने माना कि अमेरिका ने सहयोगी भूमिका निभाने की कोशिश की होगी लेकिन उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सीधी दखलअंदाजी के दावों को खारिज कर दिया. मार्क वॉर्नर ने कहा कि यह घटना एक जाना-पहचाना पैटर्न दिखाती है. यह फिर से किसी आतंकवादी घटना से जुड़ा था और सीमा पार आतंकवाद को लंबे समय से चली आ रही चिंता बताया. ऐसे मौकों के लिए नई दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच संवाद के चैनल मौजूद हैं.

भारत के साथ मौजूदा टैरिफ विवाद भी इसी नाराजगी से जुड़ा लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीजफायर का श्रेय ट्रंप को पर्याप्त रूप से नहीं दिया. उन्होंने दूसरे विदेशी मामलों का उदाहरण देते हुए कहा कि ट्रंप अक्सर नतीजों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करते हैं. इस तरह की भाषा के कूटनीतिक नुकसान होते हैं और इससे वाशिंगटन और नई दिल्ली के बीच भरोसे में गिरावट आती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!