भालू और वनभैंसा के हमले से दो जवान घायल…

बीजापुर। जिले के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र अंतर्गत थाना भोपालपटनम और थाना फरसेगढ़ के सरहदी जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में 04 महिला माओवादी सहित कुल 06 माओवादी कैडर मारे गए। मारे गए माओवादियों में नेशनल पार्क एरिया कमेटी का इंचार्ज और शीर्ष माओवादी नेता DVCM दिलीप बेंडजा भी शामिल है, जिस पर 08 लाख रुपये का इनाम घोषित था। बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि जिले में माओवादी विरोधी अभियान लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में 163 माओवादी मारे गए थे, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 08 माओवादी ढेर हो चुके हैं।

जनवरी 2024 से अब तक 229 माओवादी मारे गए, 1126 गिरफ्तार किए गए और 876 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है। वहीं बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि निरंतर आसूचना-आधारित अभियानों और स्थानीय सहयोग से माओवादी प्रभाव लगभग समाप्ति की ओर है। उन्होंने शेष बचे माओवादियों से आत्मसमर्पण कर शांति और विकास के मार्ग को अपनाने की अपील की। अभियान के दौरान जंगल क्षेत्र में भालू और वनभैंसा के हमले से दो जवान घायल हो गए, जिन्हें सुरक्षित रूप से उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। दोनों जवानों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

error: Content is protected !!