नाबालिगों को व्हाइटनर बेचने वाले दो स्टेशनरी संचालक गिरफ्तार, 234 पेन जब्त…

रायगढ़। नाबालिग बच्चों को नशे के लिए व्हाइटनर (व्हाइट इंक करेक्शन पेन) बेचने वाले दो स्टेशनरी संचालकों को लैलूंगा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रायगढ़ शशि मोहन सिंह के निर्देशन में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया, जिसके आधार पर कार्रवाई संभव हुई। सूचना के अनुसार, लैलूंगा के हाईस्कूल के सामने स्थित साक्षी स्टेशनरी के संचालक चंद्रभान पटेल और प्रिया फैन्सी स्टोर के संचालक उमेश पटेल नाबालिगों को नशे के लिए व्हाइटनर बेच रहे थे।

पुलिस ने दोनों दुकानों पर दबिश देकर कुल 234 नग कोरस इराज-एक्स व्हाइट इंक करेक्शन पेन सेट (डाइल्यूटर पेन) बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 6,990 रुपये आंकी गई। इसके अतिरिक्त आरोपी उमेश पटेल के पास से एक रियलमी मोबाइल फोन भी जब्त किया गया जिसकी कीमत लगभग 5,000 रुपये है। जप्त की गई सामग्री का पंचनामा विधिवत तैयार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी यह जानते हुए भी कि व्हाइटनर हानिकारक पदार्थ है।

नाबालिगों को इसे बेचकर उनके मानसिक विकास और स्वास्थ्य को खतरे में डाल रहे थे। एसएसपी रायगढ़ ने बताया कि इस तरह की बिक्री से बच्चों में नशे की आदत लगने की संभावना रहती है। अभियान के तहत थाना लैलूंगा में आरोपी चंद्रभान पटेल और उमेश पटेल के खिलाफ अपराध क्रमांक 26/2026, धारा 77 बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम (जे.जे. एक्ट), साथ ही भारतीय दंड संहिता की धारा 123, 275 और 286 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

error: Content is protected !!