Union Budget: टेक्सटाइल से लेकर टेक्नोलॉजी तक; कैपेक्स बढ़ाकर 12.20 लाख करोड़ पर, इन शहरों को बड़ी सौगात

Budget 2026 Updates:  केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में अपना लगातार नौवां आम बजट पेश कर रही हैं। बजट भाषण के दौरान उन्होंने टेक्सटाइल और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नई दिशा देने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि देश में मेगा टेक्सटाइल पार्क विकसित किए जाएंगे।

वित्त मंत्री ने कहा कि नेशनल फाइबर स्कीम, मैन-मेड और एडवांस्ड फाइबर को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही नेशनल हैंडलूम पॉलिसी के जरिए कारीगरों को प्रोत्साहन और सहयोग मिलेगा। इस पहल के तहत शैक्षणिक संस्थानों से तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

वाराणसी और पटना में शिप रिपेयर इकोसिस्टम

सीतारमण ने घोषणा की कि वाराणसी और पटना में शिप रिपेयर इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा। इसके अलावा रेयर अर्थ मटेरियल को लेकर ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में डेडिकेटेड सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। इन राज्यों में विशेष मिनरल पार्क बनाने की पहल की गई है।

कैपेक्स में बड़ा इजाफा

वित्त मंत्री ने कैपिटल एक्सपेंडिचर बढ़ाकर 12.20 लाख करोड़ रुपये करने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट सेक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे घरेलू उत्पादन को मजबूती मिलेगी।

छह प्रमुख सेक्टर पर सरकार का फोकस

बजट में सरकार ने मैन्युफैक्चरिंग, रणनीतिक और सीमावर्ती क्षेत्र, स्वास्थ्य सेवाएं और उन्नत प्रौद्योगिकी समेत छह अहम क्षेत्रों में लक्षित हस्तक्षेप का प्रस्ताव रखा है। इसका मकसद औद्योगिक क्षमता बढ़ाने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!