भ्रष्टाचारियों की पनाहगार है पश्चिम बंगाल सरकार: अनुराग ठाकुर

शिमला। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा सेवाएं एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार भ्रष्टाचारियों की पनाहगार है। यहां से जारी बयान में उन्होंने कहा कि आज ममता दीदी के राज में पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। जो पैसा जनता की भलाई के लिए आता है उसे लूटने का पूरा प्रबंध यहां है। भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई करने आई ईडी की टीम पर भी यहां पथराव और मारपीट कर उनका सिर फोड़ने का काम किया जाता है। पश्चिम बंगाल की सरकार भ्रष्टाचारियों की पनाहगार है। क्या ममता बनर्जी ने अपने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को लूट की खुली छूट दे रखी है या यह लोग इनकी सुनते नहीं हैं? पश्चिम बंगाल में अगर किसी पुलिस अधिकारी के ऊपर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगते हैं तो ममता बनर्जी उसको बचाने के लिए सड़क पर उतर आती है। रेड होती है। करोड़ों रुपए बरामद होते हैं। टीएमसी के ही लोगों का नाम उसमें क्यों आता है? अनुराग ठाकुर ने कहा कि ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में तुष्टिकरण की पराकाष्ठा खड़ी कर दी है। आज जब पूरे देश में राम नाम की गूंज है।

तब पश्चिम बंगाल में हिंदुओं को खुशियां भी नहीं मानने दिया जा रहा है। यहां कर्फ्यू जैसी स्थिति लगा दी गई है। अब हिंदू साधुओं के साथ मारपीट और उनकी हत्या के प्रयास के मामले सामने आए हैं। लगातार मीडिया में खबर चलाने के बाद अब जाकर कार्रवाई हुई है। ममता बनर्जी बताएं यह हिंदू विरोधी सोच क्यों? उन्होंने कहा कि जो लोग कभी कांग्रेस के भ्रष्टाचार और देश से भ्रष्टाचार हटाने की बात करते थे वह आज स्वयं भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे हैं। आज उनके उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद सब जेल में हैं। किसी को बेल नहीं मिल रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिर्फ भ्रष्टाचार और अराजकता फैलाई है। जब जांच होती है तो यह लोग भागने का काम करते हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज घमंडिया गठबंधन का अहंकार सिर चढ़कर बोल रहा है। एक नेता दूसरे से बात नहीं करता। पश्चिम बंगाल में ही अधीर रंजन चौधरी साहब कुछ और कहते हैं, ममता बनर्जी कुछ और कहती है। इनके पास न नेता है, न नीति है, न नीयत है। उत्तर प्रदेश में भी बुआ और बबुआ की ज्यादा दिन तक नहीं चल पाई। आज सभी कैंप के नेता कमाई करने में लगे हैं। इसमें हर कोई एक-दूसरे को संरक्षण दे रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013-14 में यूपीए शासन काल के दौरान 13 प्रतिशत महंगाई दर थी जो आज 5 फीसदी है।

error: Content is protected !!