GP सिंह की तबीयत बिगड़ी तो लाया गया अस्पताल; डॉक्टर बोले…..

GP सिंह की तबीयत बिगड़ी तो लाया गया अस्पताल; डॉक्टर बोले-जमीन पर सोने की वजह से परेशानी

एक वक्त में अफसरों वाले ठाठ की जिंदगी जी रहे छत्तीसगढ़ पुलिस के निलंबित ADG जीपी सिंह अब जेल में हैं। जेल में उनकी रातें ठीक ढंग से नहीं बीत रहीं। रात की नींद में भी दिक्कतें हैं। करीब 1 महीने से जेल में बंद जीपी सिंह की तबीयत बिगड़ रही है, यह दावा खुद उनके वकील कर रहे हैं । शुक्रवार को इसी वजह से जीपी सिंह को अंबेडकर अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर्स ने उनकी जांच की।

जीपी सिंह की जांच करने वाले डॉक्टर ने बताया कि जेल में लगातार जमीन पर सोने की वजह से जीपी सिंह को ठंड लग रही है और उनके स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। सिंह को स्किन में खुजली, एलर्जी आंखों में दर्द और कमर दर्द की तकलीफ बढ़ने की वजह से अस्पताल लाया गया। फिलहाल चेकअप के बाद कुछ जरूरी दवाएं मुहैया कराई गई हैं। सूत्रों की मानें तो अंबेडकर अस्पताल के डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के बाद अब जेल में जीपी सिंह के सोने के लिए बेड का बंदोबस्त किया जा सकता है।

जेल डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन सूट नहीं हुए
14 फरवरी को रिमांड खत्म होने के बाद जीपी सिंह के वकील ने कोर्ट में दलील दी थी कि जेल डॉक्टर का प्रिस्क्रिप्शन सिंह को सूट नहीं हो रहा है। इस वजह से कोर्ट ने उनके स्वास्थ्य का ख्याल रखने के निर्देश जेल अधीक्षक को दिए थे। इसी आदेश के बाद शनिवार को उन्हें अंबेडकर अस्पताल लाया गया था। जीपी सिंह के वकील ने तब कहा था कि जीपी सिंह को उनके घर वालों से मिलने नहीं दिया जा रहा है और उनके स्वास्थ्य का स्तर लगातार गिर रहा है। जेल जाने से पहले जीपी सिंह दिल्ली के डॉक्टरों की निगरानी में थे। परिजन का दावा है कि जीपी सिंह को दिल और ब्लड प्रेशर की भी समस्या है।

इस वजह से जेल में हैं जीपी सिंह

  • पिछले साल 1 जुलाई की सुबह 6 बजे ACB-EOW की टीमों ने रायपुर, राजनांदगांव और ओडिशा में एक साथ छापा मारा था। जीपी सिंह के सरकारी बंगले में आय से अधिक संपत्ति के इनपुट के साथ जांच की गई।
  • जीपी सिंह पर FIR दर्ज की गई। दूसरे दिन शुक्रवार को दिन भर की जांच के बाद 5 करोड़ की चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ। 10 करोड़ की संपत्ति मिलने और इसके बढ़ने की आधिकारिक जानकारी दी गई।
  • रायपुर में एक युवक से मारपीट, भिलाई में सरेंडर करने वाले नक्सल कमांडर से रुपयों का लेन-देन, रायपुर में एक केस में आरोपी की मदद का इल्जाम भी जीपी सिंह पर लगा है। इन पुराने केस की फिर से जांच की जा रही है।
  • इन तमाम मामलों के बीच 5 जुलाई को राज्य सरकार ने ADG जीपी सिंह को एक आदेश पत्र में यह लिखते हुए निलंबित कर दिया कि एक अफसर से ऐसी अपेक्षा नहीं थी।
  • जुलाई के महीने से ही जीपी की लीगल टीम पुलिसिया कार्रवाई को रोकने की दलीलें हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में पेश कर रहे थे। मगर राहत नहीं मिली।
  • जनवरी में उन्हें अब गुरुग्राम से पकड़कर रायपुर पुलिस छत्तीसगढ़ लेकर आई, तब से अब तक पुलिस की कस्टडी में ही जीपी सिंह रह रहे हैं।
  • जीपी सिंह खुद ACB के चीफ रह चुके हैं, इस दौरान उन पर कई लोगों को धमकाने और वसूली करने के आरोप लगे।
  • जीपी के बंगले के छापे में एक डायरी भी मिली जिसमें कुछ नेताओं और अफसरों के खिलाफ बातें लिखीं थीं, इस मामले में उन पर राजद्रोह का केस भी दर्ज है।

error: Content is protected !!