Most Centuries in IPL: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 19वें सीजन का आगाज होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। इस बार शुरुआत डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद के मुकाबले से होगी। जहां फैंस को जमकर चौके-छक्कों की बरसात देखने को मिलेगी। हर बार की तरह इस बार भी कई रिकॉर्ड बनेंगे और कई टूटेंगे। आइए, आज हम आपको उन बल्लेबाजों के बारे में बताते हैं, जिनके नाम पर दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में सबसे ज्यादा शतक दर्ज हैं।
किंग कोहली सबसे आगे
विराट कोहली ने अब तक आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से कुल 267 मैच खेले हैं, जिसमें 39.54 के औसत के साथ 8,661 रन बनाए हैं। इस दौरान कोहली के बल्ले से 8 शतक और 63 अर्धशतक आए हैं। कोहली अब तक इस लीग में 291 छक्कों के साथ 771 चौके लगा चुके हैं।
जोस बटलर दूसरे पायदान पर
इंग्लिश क्रिकेटर जोस बटलर 2016 से अब तक 121 आईपीएल मुकाबले खेले हैं, जिसमें 40 के औसत के साथ 4,120 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 7 शतक और 24 अर्धशतक आए हैं। उन्होंने अब तक 185 छक्के और 407 चौके लगाए हैं।
क्रिस गेल अभी तीसरे स्थान पर कायम
वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल ने साल 2009 से 2021 के बीच आईपीएल करियर में 142 मैच खेले, जिसमें 39.72 के औसत के साथ 4,965 रन बनाए। इस दौरान गेल ने 6 शतक और 31 अर्धशतक लगाए। गेल ने साल 2013 में आरसीबी की तरफ से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के विरुद्ध नाबाद 175 रन बनाए थे, जो आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी पारी है।
केएल राहुल चौथे नंबर पर
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज केएल ने आईपीएल करियर में अब तक कुल 145 मैच खेले हैं, जिसमें 46.21 के औसत के साथ 5,222 रन बनाए हैं। इस दौरान केएल राहुल के बल्ले से 5 शतक और 40 अर्धशतक निकले। उन्होंने आईपीएल करियर में 208 छक्के और 452 चौके लगाए हैं।
शुभमन गिल के पास वॉटसन और वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
शुभमन गिल ने आईपीएल में अब तक 118 मुकाबलों में 39.44 के औसत के साथ 3,866 रन बनाए हैं। वहीं, शेन वॉटसन ने 145 आईपीएल मुकाबलों में 30.99 की औसत के साथ 3,874 रन बनाए। जबकि डेविड वॉर्नर ने आईपीएल करियर में 184 मैच खेले, जिनमें 40.52 की औसत के साथ 6,565 रन जुटाए। इन तीनों ही खिलाड़ियों के नाम पर 4-4 शतक दर्ज हैं। शुभमन गिल के पास इस बार वॉटसन और वॉर्नर को पछाड़ने का मौका है।

