दिग्विजय सिंह ने आखिर क्यों कहा ‘जो ED IT CBI से डरता है, जहां जाना हो जाए ?

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह के बाद दिग्विजय सिंह भी पार्टी छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस समय देश के लोकतंत्र के साथ-साथ कांग्रेस भी संकट में है। अब समय संघर्ष का है जो ED, IT, CBI से डरता है वो जहां जाना हो जाए।

कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि हे कांग्रेस के साथियों इस समय देश का लोकतंत्र खतरे में है। भारतीय संविधान खतरे में है। भारत की सामाजिक-अर्थ व्यवस्था खतरे में है। कांग्रेस संकट में है। अब समय संघर्ष का है जो ED IT CBI से डरता है वह जहां जाना हो जाए। पर हम तो आखिरी सांस तक अपनी विचारधारा पर डटे रह कर संघर्ष करेंगे। इसीलिए मैंने उन सभी के लिए कबीर का यह दोहा ट्वीट किया है। ‘कबीरा खड़ा बाज़ार में ले लुकाटी हाथ, जो घर फूंके आपना चले हमारे साथ।’

इससे पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस छोड़ने वालों पर तल्ख टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस की रीति नीति नहीं मानता, उसके लिए दरवाजे खुले हैं, वो जा सकता है। वहीं भंवर सिंह ने कहा कि नकुलनाथ छिंदवाड़ा से ही लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

एमपी के कांग्रेस प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह राजधानी भोपाल पहुंचे थे। उन्होंने बैठक में विधायकों से वन टू वन चर्चा की और भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर बैठक ली। भोपाल पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से चर्चा की। इस दौरान वे कांग्रेस छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त नजर आए।

error: Content is protected !!