क्यों घोषित नहीं हुए महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव… चुनाव आयोग ने बताया कारण

Maharashtra Assembly Election 2024 : महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान अभी नहीं हुआ है। उम्मीद की जा रही थी कि चुनाव आयोग नई दिल्ली में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र की 288 सीटों का भी शेड्यूल जारी करेगा, लेकिन अभी जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में ही चुनावी बिगुल बजा है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने इसके लिए जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बंदोबस्त का कारण बताया। साथ ही कहा कि महाराष्ट्र में मानसून की भारी बारिश के कारण मतदाता सूची को अपडेट करने में देरी हुई है। आने वाले दिनों में गणेशोत्सव, पितृ पक्ष और दिवाली जैसे महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम होने हैं। इस कारण चुनाव स्थगित किए गए हैं।

बहरहाल, इससे पहले ही महाराष्ट्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को उस समय भाजपा को बड़ा झटका लगा जब भंडारा से भाजपा के पूर्व सांसद शिशुपाल पटले ने शुक्रवार को कांग्रेस का हाथ थाम ​​लिया।

एक्शन में महाविकास अघाड़ी, मुंबई में बैठक

महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी में भी हलचल तेज हो गई है। मुंबई में शिवसेना (उद्धव गुट), एनसीपी (शरद पवार गुट) और कांग्रेस के बीच बैठक हुई। इस बीच, उद्धव ठाकरे ने सीएम फेस पर कहा है कि शरद पवार जिसे सीएम बनाएंगे, मैं समर्थन दूंगा।

महाराष्ट्र में पेचीदा हो चुकी सियासी खिचड़ी

महाराष्ट्र की बात करें, तो मौजूदा स्थिति में यहां की राजनीति बुरी तरह उलझ चुकी है। पार्टियों में टूट हुई। एक धड़ा विपक्ष में है, तो दूसरा सत्ता में चला गया है। ऐसे में विधानसभा चुनाव 2024 (Maharashtra Vidhan Sabha Election 2024) से उम्मीद की जा रही है कि परिणाम के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2019 Result

महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं। पिछली बार अक्टूबर 2019 में चुनाव हुआ था। तब भाजपा और शिवसेना ने मिलकर चुनाव लड़ा था। इनके खिलाफ कांग्रेस और एनसीपी का गठबंधन था।

चुनाव परिणाम में पूर्ण बहुमत मिलने के बाद भी भाजपा और शिवसेना सरकार गठन नहीं कर पाए थे। बाद में शिवसेना ने कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर महाविकास अघाड़ी (MVA) बनाया था और उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने थे। सबसे बड़ा दल होने के बाद भी भाजपा को विपक्ष में बैठना पड़ा था।

error: Content is protected !!