WI vs ENG T20 WC: शाम मुंबई में होगी इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की भिड़ंत, जीतने वाली टीम बनेगी ग्रुप टॉपर

WI vs ENG T20 WC 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-सी मुकाबले में आज वेस्टइंडीज और इंग्लैंड आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6.30 बजे होगा। मैच शुरू होने से पहले आइए पिच रिपोर्ट, दोनों टीमों के हेड टू हेड आकड़ों और संभावित प्लेइंग 11 समेत सभी जरुरी डिटेल्स पर एक नजर डालते है।

इंग्लैंड और वेस्टइंडीज हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी ?

बता दें कि इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीमें अब तक कुल 38 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से 19 मैच इंग्लैंड ने और 18 मैच वेस्टइंडीज ने अपने नाम किए हैं। एक मुकाबला बेनतीजा रहा। दोनों टीमों की पिछली द्विपक्षीय सीरीज 2025 में खेली गई थी, जिसे इंग्लैंड ने 3-0 से अपने नाम किया था। वहीं, वर्ल्ड कप के इतिहास में 2016 के फाइनल में वेस्टइंडीज ने आखिरी ओवर में इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था।

जीतने वाली टीम बनेगी ग्रुप टॉपर

ग्रुप-सी में दोनों टीमें अभी तक 1-1 मैच जीत चुकी हैं, ऐसे में आज का मुकाबला जीतने वाली टीम पॉइंट्स टेबल पर नंबर-1 पर पहुंच जाएगी। इस कारण से दोनों टीमों के बीच मैच खास महत्व रखता है।

वेस्टइंडीज की ताकत

वेस्टइंडीज के कप्तान और विकेटकीपर शाई होप ने 2024 के बाद से टीम के लिए सबसे ज्यादा 981 रन बनाए हैं, जिनमें उनकी एक सेंचुरी भी शामिल है। गेंदबाजी में लेफ्ट आर्म स्पिनर अकील हुसैन 49 विकेट के साथ टीम के टॉप विकेट टेकर हैं। पहले मैच में शिमरोन हेटमायर ने फिफ्टी जड़ी थी, जबकि रोमारियो शेफर्ड ने हैट्रिक भी ली थी।

इंग्लैंड की ताकत

इंग्लैंड की ओर से जोस बटलर टीम के टॉप रन स्कोरर हैं, जिनके नाम 1049 रन हैं। लेग स्पिनर आदिल रशीद ने 2024 के बाद से सबसे ज्यादा 43 विकेट लिए हैं, हालांकि पिछले मैच में नेपाल के खिलाफ वे महंगे साबित हुए थे।

जानिए कैसा है वानखेड़े स्टेडियम की पिच और मौसम का हाल:

वानखेड़े स्टेडियम की पिच हाई स्कोरिंग के लिए जानी जाती है। इस वर्ल्ड कप में भारत और अमेरिका के बीच पिच गेंदबाजों के लिए थोड़ी मुश्किल रही थी, वहीं इंग्लैंड और नेपाल के मैच में पिच बैटिंग के लिए आसान थी। आज भी हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है। मौसम की बात करें तो बुधवार को मुंबई में बारिश की कोई संभावना नहीं है, हालांकि रात के दौरान ओस गिरने के कारण गेंदबाजी मुश्किल हो सकती है। ऐसे में टीमें टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का चुनाव कर सकती हैं।

इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग-11:

इंग्लैंड

फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, ल्यूक वुड/जोश टंग

वेस्टइंडीज

ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, शेरफन रदरफोर्ड, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, अकील हुसैन, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती, शमार जोसेफ

गौरतलब है कि भारत में इस मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर देखा जा सकेगा। इस मुकाबले में दोनों टीमें अपने दूसरे मैच में जीत दर्ज करने के लिए मैदान पर उतरेंगी। इंग्लैंड की बल्लेबाजी की ताकत और वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाजों व गेंदबाजों के बीच यह मुकाबला बेहद रोमांचक साबित हो सकता है। इतिहास और हालिया प्रदर्शन के आधार पर यह मुकाबला दर्शकों के लिए एक हाई-एड्रेनालाईन, रोमांचक और निर्णायक खेल साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!