गौठान में महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए कार्य करें – कलेक्टर

राजनांदगांव। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लेने के लिए विकासखंड मुख्यालय छुरिया और डोंगरगढ़ स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, ग्राम कलकसा गौठान और लाल बहादुर नगर के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक एवं शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय उचित मूल्य दुकान में हितग्राहियों से चर्चा कर वहां मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
फूल के विक्रय के लिए मार्केट लिंकेज करने के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री सिन्हा ने ग्राम कलकसा के गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां कार्य कर रही स्वसहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की। उन्होंने गौठान में विभिन्न गतिविधियों, वर्मी कम्पोस्ट के निर्माण और महिला स्वसहायता समूह को मिलने वाली लाभ की जानकारी ली। स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय से 54 हजार रूपए खाते में आया है। पिछले 15 दिनों में 70 हजार रूपए का वर्मी कम्पोस्ट विक्रय किया गया है। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि फूलों के विक्रय के लिए मार्केट लिंकेज करें। महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए कार्य करें। गौठान में अगरबत्ती, मसाला, बड़ी, अचार जैसे उत्पाद महिला समूह द्वारा किया जाए। इन उत्पादों का आंगनबाड़ी केन्द्र, आश्रम और छात्रावास में विक्रय कर उपयोग करना सुनिश्चित करें। समूह की महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों से लाभ प्राप्त होना चाहिए। उन्होंने गौठान में पैरादान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौठान में नारियल, कटहल, करंज, मुनगा के पौधे लगाए गए हैं। ये पौधे जीवित रहना चाहिए।

error: Content is protected !!