FIR registered against Kangana Ranaut: सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) पर टिप्पणी कर बीजेपी सांसद और बॉलीवुड क्विन कंगना रनौत मुश्किलों में घिर गईं हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा ने की शिकायत पर हिमाचल प्रदेश के शिमला में एफआईआर दर्ज की गई है। कंगना रनौत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की तीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता अतुल शर्मा का आरोप है कि कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर सोनिया गांधी और गांधी परिवार को लेकर भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट की थी। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।
बीजेपी सांसद के खिलाफ BNS की धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत FIR दर्ज की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंगना की पोस्ट से समाज में तनाव पैदा होने और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। फिलहाल शिमला पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. पुलिस की जांच के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कंगना ने क्या पोस्ट किया था
कंगना रनोट ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम से एक सोशल मीडिया पोस्ट रीशेयर की, जिसमें लिखा था कि जिस दिन राजीव गांधी की हत्या हुई, वह उस दिन सोनिया को साथ ले जाना चाहते थे, लेकिन वह नहीं गईं। कंगना ने लिखा- सोनिया गांधी की बायोग्राफी अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मारने जैसी है। इसमें उन्होंने बताया है कि राजीव गांधी की हत्या वाले दिन वह उनके साथ क्यों नहीं गई थीं।उन्होंने इसकी वजह थकान और सुस्ती जैसी समस्याएं बताई थीं। अब हमें पता चल गया कि राहुल गांधी को अपनी मां से ही खुद को मुश्किल में डालने की यह कला विरासत में मिली है।

कमाई नहीं, तो सोनिया गांधी दुनिया की अमीर महिला कैसे बनीं
कंगना ने अगली पोस्ट में लिखा, बिना जिंदगी में एक पैसा कमाए, वह 1991 में दुनिया की सबसे अमीर महिला कैसे बन गईं? क्या उनके नाम पर स्विस बैंक खातों में 2 अरब डॉलर से ज्यादा की रकम जमा थी? वाह। परिवार के सभी लोगों की अचानक मौत के बाद सहानुभूति पाने वाली एक गरीब इटेलियन विधवा अरबपति बन गईं? उनकी बायोग्राफी इन सवालों का जवाब क्यों नहीं देती?

