खैरागढ़ न.पा.प. चुनाव: 80 प्रतिशत से ज्यादा मतदान; नांदगांव के तुलसीपुर वार्ड में करीब 68 फीसदी

पूरा चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न

राजनांदगांव (पहुना)। जिले के खैरागढ़ नगर पालिका परिषद् में आज 80 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई है। यहां राजनांदगांव नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 17 तुलसीपुर में हुए उपचुनाव में भी 67.62 प्रतिशत मतदान हुआ है। पूरा मतदान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के चलते शांतिपूर्ण ढंग से होने के समाचार है। प्रत्याशियों व राजनीतिक दलों को परिणाम के लिए 23 दिसंबर की प्रतीक्षा करनी होगी। तब तक चुनाव आचार संहिता प्रभावशील रहेगी।
ज्ञातव्य है कि खैरागढ़ नगर पालिका परिषद् में सभी 20 वार्ड के लिये 20 मतदान केंद्र थे। कांग्रेस-भाजपा के अतिरिक्त कुछ वार्डों से छजकां, बसपा, शिवसेना के तथा कई निर्दलीय उम्मीदवारों सहित 56 अभ्यार्थी मैदान में थे। वहां 17 हजार से कुछ अधिक कुल मतदाताओं में से 80 फीसदी ने शाम 5 बजे तक वोट डाल चुके थे। मतदान का प्रतिशत कुछ बढ़ने की संभावना थी।
इधर राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड क्रमांक 17 तुलसीपुर ठाकुर प्यारेलाल स्कूल में ही सभी 5 मतदान केंद्र थे, जहा कांग्रेस और भाजपा के ही प्रत्याशी के लिए करीब 68 प्रतिशत मतदान होने के समाचार हैं। शीतलहर के बावजूद यहां 95 साल की वृद्धा वोटर ने स्वयं चलकर मतदान किया, जो कि लोकतंत्र के महत्व को दर्शाता है।

error: Content is protected !!