प्रत्याशियों की धड़कनें हुई तेज; खैरागढ़ और नांदगांव में कल सुबह से मतगणना

राजनांदगांव (पहुना)। जिले की खैरागढ़ नगर पालिका परिषद् का आम चुनाव और राजनांदगांव नगर पालिक निगम में वार्ड क्रमांक 17 तुलसीपुर में उपचुनाव 20 दिसंबर को हुआ था। अब स्ट्रॉंग रूम में तगड़ी पुलिस सुरक्षा में रखी गयी मतपेटियों के मतों की गिनती कल गुरूवार 23 दिसंबर को प्रातः नौ बजे से शुरू हो जायेगी। माना जा रहा है कि ज्यादा से ज्यादा दोपहर 12 बजे तक नतीजे सामने आ जाएंगे। परिणामों को लेकर कांग्रेस-भाजपा के सहित तमाम उम्मीदवारों में भय मिश्रित उत्साह बना हुआ है। कांग्रेस-भाजपा जैसे राष्ट्रीय दलों का तो प्रतिष्ठा का सवाल है।
स्थानीय निर्वाचन के अधीक्षक राजेन्द्र जैन ने बताया कि राजनांदगांव में तहसील कार्यालय को और खैरागढ़ में पॉलिटेक्नीक कॉलेज को दृढ़ कक्ष या स्ट्रॉंग रूम बनाया गया है। नांदगांव के स्ट्रॉंग रूम में मतगणना के लिये दो टेबल में और खैरागढ़ के दृढ़ कक्ष में 20 टेबल में वोटों की गिनती सुबह 9 बजे से कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए शुरू होगी। यहॉ एक गणना प्रभारी जो सहायक रिटर्निंग अधीक्षक होंगे वे दोनों टेबल को देखेंगे। एक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक और 2 गणना सहायक होंगे। खैरागढ़ में ऐसे 20 टेबल पर सभी 20 वार्डों के मतों की गिनती के लिए 65 अधिकारी कर्मचारी की ड्यूटी लगेगी। सुरक्षा व्यवस्था सहित और भी व्यवस्था में लगे कर्मचारी-अधिकारी मिलाकर बड़ी संख्या में लोगों की ड्यूटी लगेगी।

error: Content is protected !!