राजनांदगांव न.नि. वार्ड क्रमांक 17 उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत

राजनांदगांव (पहुना)। स्थानीय नगर पालिक निगम की वार्ड क्रमांक 17 तुलसीपुर के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 191 मतों से पराजय का मुॅंह देखना पड़ा है। इस वार्ड में कांग्रेस की उम्मीदवार श्रीमती चंद्रकला देवांगन ने जीत का सेहरा पहन लिया है। हालांकि पांच मतदान केंद्रों की गिनती में दो बूथ में भाजपा की सरिता रमेश सिन्हा को बढ़त मिली। 4 मतदान केंद्रों की गणना तक कांग्रेस जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त हो चुकी थी और पार्टीजनों ने अंतिम घोषणा से पहले ही जश्न मनाना शुरू कर दिये थे। अंतिम घोषणा होते ही भाजपा की निराशा बढ़ गई और निगम की सत्तासीन कांग्रेस पूरी तरह जश्न में डूब गई। तहसील कार्यालय परिसर स्थित पटवारी प्रशिक्षण शाला में हुई मतों की गिनती के दौरान पुलिस सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी थी। प्रशासनिक तैयारी भी चुस्त-दुरूस्त थी।
मतदान केंद्र वार आँकड़े इस प्रकार
बूथ क्रमांक 49 में कांग्रेस 313, भाजपा 336, नोटा 7, बूथ क्रमांक 50 में कांग्रेस 405, भाजपा 287, नोटा 6, बूथ क्रमांक 51 में कांग्रेस 386, भाजपा 326, नोटा 3, बूथ क्रमांक 52 में कांग्रेस 309, भाजपा 262, नोटा 7, बूथ क्रमांक 53 कांग्रेस 307, भाजपा 3, नोटा 1। इस प्रकार कांग्रेस की श्रीमती चंद्रकला देवांगन ने भाजपा की सरिता रमेश सिन्हा को 1529 के मुक़ाबले 1720 मतों से हराया। नोटा याने इनमें से कोई नहीं पर 24 मतदाताओं ने मुहर लगाई।
महापौर ने जीत पर यह कहा
कांग्रेस नेत्री व नगर निगम की महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख ने इस जीत पर कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की 3 साल से चल रही योजनाओं पर जनता ने मुहर लगाई है। भाजपा के अहंकार को तोड़ा है। निश्चित ही उस वार्ड में विकास निर्माण कार्यों को नई गति मिलेगी।

error: Content is protected !!