न्यू ईयर, ओमिक्राॅन और नक्सलवाद को लेकर पुलिस रहेगी चौकस

राजनांदगांव (पहुना)। आज शाम से जिला मुख्यालय वाले इस शहर में अतिरिक्त बल के साथ पुलिस की चाक चौबंद चौकसी नव वर्ष 2022 को लेकर बढ़ जायेगी। यही नहीं नये साल के जश्न के माहौल में नक्सलवादी गतिविधियों पर भी विशेष नज़र रखी जायेगी। साथ ही देश में कोरोना के नये रूप ओमीक्रॉन के तेजी से बढ़ते संक्रमण को देखते हुए भी स्वास्थ्य विभाग से सामंजस्य बनाकर पुलिस इस महामारी की रोकथाम के लिये पूरी ताक़त से आगे आयेगी। जिला पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण ने आज दोपहर दैनिक पहुना से प्रश्न के उत्तर में ये बातें कहीं। उन्होंने वर्ष 2021 के विविध अपराधों के तुलनात्मक आंकड़े भी शीघ्र ही तैयार हो जाने की जानकारी दी।
एसपी डी. श्रवण ने बताया कि शहर में ढाई सौ के बल के साथ पीएचक्यू से स्वीकृत 50 का अतिरिक्त बल शहर में आज शाम से लग जायेगा। पॉइंट ड्यूटी, पेट्रोलिंग ड्यूटी आदि बढ़ा दी जायेगी। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये आवश्यक स्थानों पर स्टापर लगाये जाएंगे। शराब आदि नशा करने अनियंत्रित गति से वाहन चलाने वालों पर पुलिस की निगाहें रहेंगी। शासन के कोरोना गाइड लाइंस का पालन कराने पुलिस अब ज्यादा जोर लगायेगी। सभा समारोह में स्थल क्षमता के अनुसार एक तिहाई लोग ही उपस्थित हो सकेंगे। जिला पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण ने कहा कि जिले के सुदूर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी नववर्ष के अवसर पर नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने विशेष जोर दिए जायेंगे। रोड ओपनिंग पार्टी के साथ सर्चिंग तेज कर दी जायेगी।

error: Content is protected !!