Made In India Laptop: हाल ही में, रेलवे, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स व आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में वह भारत में बने एक लैपटॉप का टेस्ट करते हुए नजर आ रहे है। दरअसल, ये लैपटॉप पूरी तरह से भारत में ही तैयार किया गया है। लैपटॉप को VVDN Technologies नामक कंपनी ने बनाया है। भारत का ये कदम तकनीकी दुनिया में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
भारत में बना लैपटॉप
अश्विनी वैष्णव की तरफ से शेयर किए गए वीडियो में VVDN Technologies के CEO पुनीत अग्रवाल बताते हैं कि इस लैपटॉप को पूरी तरह से भारत में ही बनाया गया है। उन्होंने आगे बताया कि इस लैपटॉप के हार्डवेयर, मदरबोर्ड से लेकर सॉफ्टवेयर सब कुछ भारत में ही बना है।
CEO पुनीत अग्रवाल ने बताया कि इस लैपटॉप को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। VVDN Technologies की वेबसाइट की मानें तो कंपनी अलग-अलग कंपनियों को एंट्री-लेवल लैपटॉप सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। जिन्हें कंपनियां अपने नाम से रीब्रांड कर इसे मार्केट में बेचती है।
अपने नाम से लैपटॉप नहीं बेचती कंपनी
कंपनी की वेबसाइट से एक लैपटॉप के फीचर के बारे में पता चला है। उस लैपटॉप में Intel Celeron प्रोसेसर के साथ 8GB तक की RAM और 256GB तक का SATA SSD स्टोरेज दिया गया है। वहीं, 14-इंच का डिस्प्ले दिया गया है। यह लैपटॉप माइक्रोसॉफ्ट के Windows 11 ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है।
लेकिन कंपनी इस लैपटॉप को अपने ब्रांड के नाम से बेचना नहीं चाहती। बल्कि VVDN Technologies का लैपटॉप अन्य कंपनियों के ब्रांड नाम के साथ बाजार में आएगा। बता दें, VVDN Technologies के लैपटॉप व्हाइट लेबलिंग के लिए उपलब्ध है। इसे सिर्फ बड़े लेवल पर ही बनाया जाता है। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि आने वाले समय में यह लैपटॉप बड़े ब्रांड्स के नाम से भारतीय बाजार में उतर सकता है।