Ambedkar Jayanti 2025: राष्ट्र बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती मना रहा है। इस अवसर पर राजधानी दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर के प्रेरणास्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर एक विशेष वीडियो संदेश जारी करते हुए बाबा साहेब को कोटि-कोटि नमन किया और उनके योगदान को देश के लिए अमूल्य बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के सिद्धांत और आदर्श आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को गति देने वाले हैं। उनका विचार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल में है, जो आज विकसित भारत के निर्माण को मजबूती प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि डॉ. अंबेडकर न केवल संविधान निर्माता थे, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और सशक्तिकरण के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले प्रेरणास्रोत भी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी बाबा साहेब के स्मारक पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके विचारों को नमन करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर की दूरदर्शिता और प्रतिबद्धता ने भारत को सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्य प्रदान किए। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
#WATCH दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंबेडकर जयंती के अवसर पर संसद परिसर में प्रेरणा स्थल पर डॉ. बीआर अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। pic.twitter.com/PxRYEUFNku
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 14, 2025
इस मौके पर देशभर में अनेक स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाओं, संगोष्ठियों और सामाजिक समरसता के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। डॉ. अंबेडकर की विचारधारा आज भी करोड़ों भारतीयों को दिशा देती है और भारत को एक सशक्त, समावेशी और विकसित राष्ट्र बनाने की प्रेरणा देती है।