कोरबा. हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयलांचल इलाके के गांव रलिया में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिसमें एक बेटी ने प्राणघातक हमला करते हुए अपने ही पिता की जान ले ली है. 25 वर्षीय बेटी अपने पिता से अलग रहती थी. जो किसी काम से अपने गांव गई हुई थी. जहां उसने नींद में सो रहे अपने पिता के जबड़े और गले पर हंसिया से वार करते हुए उसे मौत की नींद सुला दिया. पुलिस ने इस मामले में हत्या का अपराध दर्ज करते हुए आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
बेटी ने पिता की बेरहमी से हत्या की
घटना सोमवार-मंगलवार की रात करीब 2 से 2:30 बजे के मध्य की है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरदी बाजार के रलिया गांव में गीता केंवट ने अपने पिता अशोक केंवट की हंसिया मारकर हत्या कर दी है. गीता अपने बहनों और अपनी मां के साथ पुरानी बस्ती कोरबा में रहती है. पिता अशोक रलिया गांव में रहते हैं. परिवार में एक दूसरे के घर आना-जाना काफी दिनों से बंद था. कई बातों को लेकर विवाद था. पिता बेटी के चरित्र पर भी शंका करता था. हाल में गीता अपने गांव गई थी, उसे जाति निवास प्रमाण पत्र बनवाना था. वो अपने बड़े पिताजी के यहां रुकी थी. इसी दौरान सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात को लगभग 2 बजे वो अपने पिता के घर गई. सोए हुए हालात में ही हंसिया से जबड़े और मुंह के पास मारकर उसकी हत्या कर दी है.
परिवार में चल रहा था विवाद
धारदार हंसिया से बेटी ने पिता पर जानलेवा हमला कर मौत के घाट उतार दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार पिता को बेटी के जीवन-यापन, भरण-पोषण के तौर- तरीके को लेकर ऐतराज था. यह समझाइस बेटी को नागवार गुजरी और इसी सब विवाद के बाद उसने घर में मौजूद हंसिया से पिता को मौत के घाट उतार दिया है.
बेटी ने अपने पिता की हंसिया से हत्या कर दी है. पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है. परिवार में विवाद चल रहा था- लखन पटले, एएसपी
इस केस में पुलिस की तफ्तीश और कार्रवाई चल रही है. एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि परिवार में ववाद चल रहा था. आरोपी गीता गांव रलिया में जाति प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों के कार्य से गई थी. वह अपने बड़े पिता के घर रुकी थी. इसी दौरान रात को हंसिया से मुंह और जबड़े पर उसने वार कर पिता की हत्या कर दी. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

