तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से शिक्षक की मौत, आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

सक्ती। जिले के डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप पड़ गया है और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई हैं।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणभाटा गांव के पास खरसिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने सामने से जा रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर वाहन के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान रघुनंदन चंद्रा (निवासी ग्राम सुखदा) के रूप में हुई है, जो पेशे से शिक्षक थे। बताया जा रहा है कि वे घर से डभरा एसआईआर कार्य का पंचनामा जमा करने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे है।

सूचना पर डभरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित था और पुलिस प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटा हुआ है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!