पुलिस लाइन में कॉन्स्टेबल की भांजी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट बरामद

कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइन स्थित शासकीय क्वार्टर में कक्षा 11वीं की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पुलिस विभाग सहित आसपास के क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।

मृतिका की पहचान 16 वर्षीय सांची कंवर के रूप में हुई है, जो सेंट जेवियर स्कूल में कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि वह अपनी मां के साथ पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में रहती थी। सांची, मोगरा थाने में पदस्थ पुलिस कॉन्स्टेबल रजपाल सिंह कंवर की भांजी थी।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने जब्त कर जांच में शामिल किया है। फिलहाल सुसाइड नोट की सामग्री का खुलासा नहीं किया गया है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!