नशे में पूर्वमंत्री के बेटे ने मचाया हंगामा, दुकान में घुसाई कार, पिता का रौब दिखाते थाने से गाड़ी लेकर फरार

कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित इतवारी बाजार में जमकर हंगामा देखने को मिला, जहां नशे में धुत पूर्व गृहमंत्री के बेटे ने अपनी कार से एक दुकान को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर गाली-गलौज और मारपीट की भी बात सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी संदीप कंवर कथित तौर पर उस कार को चला रहा था, जिस पर “पूर्व विधायक रामपुर” लिखा हुआ था। तेज रफ्तार कार सीधे एक दुकान में जा घुसी, जिससे दुकान को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों से आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और विवाद भी किया।

पुलिसकर्मियों से किया अभद्र व्यवहार

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप कंवर को कोतवाली थाने ले आई। बताया जा रहा है कि थाने लाने के बाद भी उसने काफी देर तक हंगामा किया और पुलिसकर्मियों से भी अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि संदीप कंवर ने अपने पिता का रौब दिखाते हुए पुलिस से कहा कि “जो करना है कर लो”, इसके बाद वह गाली-गलौज करते हुए थाने से ही अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया।

पुलिस विभाग में पदस्थ है पीड़ित परिवार की बेटी

इस मामले में एक और दिलचस्प पहलू सामने आया है। जिस दुकान को टक्कर मारी गई, उस पीड़ित परिवार की बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!