
राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। जिले के अंतर्गत विभिन्न जगहों पर लगातार चोरी के सामान की अवैध रूप से खरीदी एवं बिक्री किए जाने के संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त होने एवं कई स्थानों में चोरी की घटनाओं में स्थानीय अपराधियों के शामिल होने की सूचना को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश, मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के पर्यवेक्षण में विशेष टीम राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में गठित किया जाकर प्रभावी एवं त्वरित कार्यवाही की गई, जिसके अंतर्गत पुलिस चौकी चिखली थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत खैरागढ़ रोड स्थित सफीक खान उर्फ बैगा कबाड़ी के यार्ड में, जिसे शेख शहबाज पिता शेख परवेज द्वारा संचालित किया जाना पाया गया, जिसमें रेड कार्यवाही के दौरान मौके पर टिन का ड्रम, पुरानी साइकिल, टिन शीट, लोहे का आलमारी, मिनी ट्रक क्रमांक CG 09 ZH 5646 में लोहे का भरा हुआ सामान कुल वजन 17,210 किलोग्राम, कीमत लगभग 11,00,000/- रुपये का सामान मौके पर जप्त करने में सफलता पुलिस टीम को प्राप्त हुई। वहीं पुलिस चौकी चिखली क्षेत्रांतर्गत एलपीजी गैस गोदाम के पास स्थित मोहम्मद इमरान खान पिता मोहम्मद इब्राहिम खान साकिन चिखली वार्ड नंबर 05 के यार्ड में रेड कार्यवाही किए जाने पर अलग-अलग 27 नग चार पहिया वाहनों के नंबर प्लेट, 14 नग पुरानी वाहनों के इंजन, चेसिस, ट्रैक्टर के पार्ट्स, पुराना व्हील चक्का 120 नग, साइलेंसर पाइप आदि कार एवं वाहनों की सामग्री एवं उपकरण जप्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5,00,000/- रुपये पाई गई।
थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत लखोली के खैरा रोड कन्हारपुरी स्थित मोहम्मद अनीश पिता मोहम्मद सलीम उम्र 30 वर्ष निवासी राहुल नगर के कबाड़ी दुकान पर किए गए रेड कार्यवाही में लोहे का पाइप, वाहनों का नंबर प्लेट, लोहे का एंगल, गैस सिलेंडर (खाली), लोहे का चैनल आदि सामान कुल लगभग 500 किलोग्राम, कीमत लगभग 1,00,000/- रुपये जप्त किया गया। एवं थाना सोमनी के ग्राम जोरातराई स्थित अल्ताफ हुसैन पिता स्व. सादिक हुसैन उम्र 67 वर्ष निवासी पोलसाय पारा दुर्ग के यार्ड में रेड कार्यवाही किए जाने पर यार्ड के भीतर ट्रक क्रमांक MH 40 Y 0585 में ट्रक के अंदर भरा हुआ लोहे का विभिन्न सामान पाइप, एंगल, राड, छड़, नट-बोल्ट, विभिन्न वाहनों के डिस्क, रिंग, लोहे के पार्ट्स, गाड़ियों का नंबर प्लेट, मोटरसाइकिल का साइलेंसर, लोहे का राड, कीमत लगभग 15,00,000/- रुपये की जप्ती कार्यवाही की गई। इस प्रकार चलाए गए विशेष अभियान में कुल 07 स्थानों पर किए गए रेड कार्यवाही के दौरान लगभग 32,00,000/- रुपये (बत्तीस लाख रुपये) की संपत्ति जप्त करने में महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की गई।


