खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 20 एलपीजी सिलेंडर जब्त, अवैध भंडारण पर सख्ती

कोरबा। जिले में शुक्रवार को खाद्य विभाग ने दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 20 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए। यह सिलेंडर अवैध रूप से संग्रहित किए गए थे और इनके भंडारण से जुड़े कोई वैध दस्तावेज संचालकों द्वारा प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पहली कार्रवाई ग्राम पंचायत फरसवानी में की गई, जहां सोनी टेंट हाउस पर जांच के दौरान 8 घरेलू और 1 वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर अनधिकृत रूप से पाए गए। मौके पर संचालक द्वारा किसी प्रकार के वैध दस्तावेज नहीं दिखाए जाने पर
खाद्य विभाग ने कुल 9 सिलेंडर जब्त कर लिए। इन सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से उमरेली इंडेन गैस वितरक की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। इसके बाद दूसरी कार्रवाई विकासखंड करतला के ग्राम पंचायत बीरतराई में की गई। यहां संजय कुमार साहू के निवास पर आकस्मिक जांच के दौरान 11 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से संग्रहित पाए गए। घर के मालिक भी इन सिलेंडरों के संबंध में कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
इस पर खाद्य विभाग की टीम ने सभी 11 सिलेंडरों को जब्त कर उन्हें एचपी उरगा गैस वितरक की अभिरक्षा में सौंप दिया। दोनों मामलों को मिलाकर कुल 20 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जिनमें 19 घरेलू और 1 वाणिज्यिक सिलेंडर शामिल है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, घरेलू गैस सिलेंडरों का
व्यावसायिक उपयोग या अधिक मात्रा में अवैध भंडारण द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) आदेश के तहत गंभीर अपराध है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गैस रिफिलिंग और अनधिकृत भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी इस तरह की आकस्मिक जांच जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं पर अवैध गैस भंडारण या रिफिलिंग की जानकारी मिले तो तुरंत खाद्य विभाग या पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गैस भंडारण करने वालों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!