पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में सोमवार तड़के पार्किंग को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस के अनुसार, देर रात स्थिति तब बिगड़ी जब विवाद ने उग्र रूप ले लिया। करीब 2:22 बजे और 2:26 बजे PCR पर फायरिंग और झगड़े की दो अलग-अलग कॉल्स मिलीं, जिसके बाद तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि A-144, प्रीत विहार में पंकज नैयर (34) और उनके भाई पारस (43) का गौरव शर्मा से पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। झगड़े के दौरान गौरव शर्मा ने गोली चला दी, जो पंकज नैयर के सीने में जा लगी। घटना के तुरंत बाद घायल पंकज को पास के अस्पताल ले जाया गया Malik Radix Health Care Hospital जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए प्रीत विहार थाने में हत्या, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही पुलिस टीमें सक्रिय हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही, इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है।


