डिजिटल डेस्क। बदायूं जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान नेग को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बोलेरो वाहन से पहुंचे किन्नरों ने बहस बढ़ने पर फायरिंग कर दी, जिसमें दूल्हे का चचेरा भाई घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी प्रेम सिंह की बेटी की बारात मूसाझाग थाना क्षेत्र के कथरा खगेई गांव से आई थी। गुरुवार सुबह किन्नर नेग लेने के लिए शादी स्थल पर पहुंचे। इसी दौरान नेग को लेकर बारातियों और किन्नरों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
किन्नरों ने चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर किन्नरों ने अपनी बोलेरो गाड़ी से तमंचा निकालकर चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान गौरव (21), पुत्र योगेंद्र, जो दूल्हे का चचेरा भाई है, गोली लगने से घायल हो गया।
एक आरोपी किन्नर को हिरासत लिया गया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने एक आरोपी किन्नर को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से तमंचा बरामद किया है। घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाहन से तमंचे और लाठी-डंडे भी बरामद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बोलेरो वाहन से तमंचे और लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


