Bengal Vidhan Sabha Chunav Voting: सुबह 9 बजे तक 18% मतदान, बूथों पर वोटरों की लंबी-लंबी लाइन

Bengal Vidhan Sabha Chunav 2026 Voting Live: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections) के दूसरे और अंतिम चरण के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। सुबह 6 बजे से ही मतदान केंद्रों पर वोटरों की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। वहीं चुनाव आयोग (election Commission) से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह 9 बजे तक 18.39% मतदान हो चुका है।

दूसरे चरण की 142 सीटों पर 1448 उम्मीदवार की किस्मत का फैसला आज ईवीएम में कैद हो रहा है। सबसे कड़ा मुकाबला भवानीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला है। इस सीट से CM ममता बनर्जी चुनाव लड़ रहीं हैं। जबकि ममता के खिलाफ भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं। सुवेंदु 2021 में ममता को नंदीग्राम से हरा चुके हैं।

दूसरे चरण में कई दिग्गजों की साख दांव पर

दूसरे चरण के चुनाव में कई दिग्गज नेता अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (भबानीपुर), विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी (भबानीपुर), राज्य मंत्री सुजीत बोस (बिधाननगर), फिरहाद हकीम (कोलकाता पोर्ट), ज्योतिप्रिया मल्लिक (हावड़ा), ब्रात्य बसु (दम दम), सोवंदेब चट्टोपाध्याय (बालीगंज) और बीजेपी के अर्जुन सिंह (नोआपाड़ा), स्वपन दासगुप्ता (राशबिहारी), रूद्रनील घोष (शिबपुर) शामिल हैं। सीपीआई(एम) की मीनाक्षी मुखर्जी (उत्तरपाड़ा), दीप्सिता धर (दम दम उत्तर), कलातन दासगुप्ता (पानीहाटी) और आईएसएफ के नौशाद सिद्दीकी (भांगर) भी चुनावी मैदान में हैं।

तीन करोड़ से अधिक मतदाता मत का करेंगे इस्तेमाल

दूसरे चरण में सात जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर कुल 3,21,73,837 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। हुगली जिले के चिनसुरा में सबसे ज्यादा 2,75,715 मतदाता हैं। सबसे कम मतदाता नॉर्थ 24 परगना के भाटपाड़ा में हैं, जहां 1,17,195 वोटर हैं।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2,321 कंपनियां तैनात

मतदान के लिए 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां हर बूथ की वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2,321 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनात किया गया है। कोलकाता में सबसे अधिक 273 कंपनियां लगाई गई हैं। इसके अलावा 142 जनरल ऑब्जर्वर, 95 पुलिस ऑब्जर्वर और 100 एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर भी तैनात हैं। कुल मिलाकर 41,001 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें से 14,218 शहरी और 25,083 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं।

बंगाल के मतदाताओं से PM मोदी ने की खास अपील

बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पूर्व पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की जनता से खास अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि- आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का दूसरा फेज़ है। मैं आज वोट देने वाले सभी लोगों से रिक्वेस्ट करता हूँ कि वे रिकॉर्ड संख्या में वोट डालें ताकि हमारी डेमोक्रेसी और ज़्यादा वाइब्रेंट और पार्टिसिपेटरी बन सके। खास तौर पर, यह बहुत ज़रूरी है कि पश्चिम बंगाल की महिलाएँ और युवा शक्ति बड़ी संख्या में अपने वोटिंग राइट्स का इस्तेमाल करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!