
लाइफस्टाइल डेस्क। गर्मी का मौसम आते ही प्रकृति हमें कई ऐसे मौसमी फलों का तोहफा देती है, जो न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होते हैं बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद साबित होते हैं. इन्हीं में से एक है तेंदू फल, जिसे कई ग्रामीण इलाकों और जंगलों में आसानी से पाया जाता है. छोटा, गोल और हल्के पीले या नारंगी रंग का दिखने वाला यह फल पोषण का खजाना माना जाता है. तेंदू फल में भरपूर मात्रा में विटामिन A और विटामिन C पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं. आइए जानते है इसके सेवन के फायदे.

आंखों के लिए बढ़िया
गर्मी के मौसम में जब शरीर जल्दी थकान महसूस करता है और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है, तब यह फल शरीर को ऊर्जा देने और ताजगी बनाए रखने में मदद करता है. विटामिन A आंखों की रोशनी को बेहतर बनाए रखने में सहायक होता है, वहीं विटामिन C त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने में मदद करता है.
पाचन करे बेहतर
इसके अलावा तेंदू फल में अच्छी मात्रा में फाइबर मौजूद होता है, जो पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में सहायक है. नियमित रूप से इसका सेवन करने से कब्ज, अपच और गैस जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है. ग्रामीण इलाकों में लोग इसे प्राकृतिक पाचन सुधारक के रूप में भी इस्तेमाल करते हैं.
कई गंभीर बीमारियों से बचाए
एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं और कई गंभीर बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद करते हैं.
शरीर को करे ठंडा
तेंदू फल का एक और खास फायदा यह है कि यह शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है. गर्म हवाओं और लू के असर से बचने के लिए इसे एक प्राकृतिक उपाय माना जाता है. कई जगहों पर लोग इसे कच्चा या पका हुआ सीधे खाते हैं, जबकि कुछ स्थानों पर इसका इस्तेमाल स्थानीय व्यंजनों में भी किया जाता है.
संतुलित मात्रा में करें सेवन
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि किसी भी फल की तरह तेंदू का सेवन भी संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए. अत्यधिक सेवन से कुछ लोगों को हल्की पाचन संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं. साथ ही, इसे खाने से पहले अच्छी तरह साफ करना भी जरूरी है, खासकर जब यह सीधे जंगलों से लाया गया हो.

