राजनांदगांव/ डोंगरगांव। नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग पीड़िता के परिजन की शिकायत मिलने के करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर को पीड़िता के परिजन ने थाना डोंगरगांव पहुंचकर अपनी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ किए जाने संबंधी लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 299/2026 के तहत धारा 75(2) बीएनएस एवं धारा 12 पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार बंजारे (30) पिता ऐराम बंजारे, निवासी ग्राम परसाडीह, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती, हाल मुकाम कुमर्दा, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी शिक्षक के पद पर कार्यरत बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और विवेचना में आरोपी के खिलाफ अपराध से संबंधित साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने कहा कि महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

