फर्जी माइनिंग अफसर बनकर कर रहे थे अवैध वसूली, महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। माइनिंग अफसर बनकर वैध वसूली करने के आरोप में डोंगरगांव पुलिस ने एक महिला सहित 3 लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस  के मुताबिक बीते 7 मई को  प्रार्थी रामसिंह राजपूत पिता डेरा सिंह राजपूत, निवासी ग्राम दर्री द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह ट्रांसपोर्टिंग एवं जेसीबी कार्य का व्यवसाय करता है। प्रार्थी द्वारा ग्राम आमगांव स्थित किसान यशवंत साहू के खेत में जेसीबी एवं ट्रैक्टर के माध्यम से खेत मरम्मत एवं मिट्टी समतलीकरण का कार्य कराया जा रहा था। कार्य के दौरान दोपहर लगभग 02ः58 बजे स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 04 पीएन 1413 में सवार तीन व्यक्ति रवि शर्मा, रेहाना बेगम एवं शेख अरमान मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने स्वयं को माईनिंग विभाग का अधिकारी बताते हुए प्रार्थी एवं उसके ड्राइवर तनुज कुमार को अवैध खनन करने का आरोप लगाकर डरा-धमकाया तथा कार्यवाही एवं बदनाम करने की धमकी देकर 10,000 रुपये की मांग की। भयवश प्रार्थी द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से आरोपी के मोबाइल नंबर पर 6,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया। घटना की सूचना पर  डोंगरगांव पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए कुमरदा पेट्रोल पंप के पास उक्त स्विफ्ट वाहन में सवार तीनों संदिग्ध  व्यक्तियों को पकड़ा। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध थाना डोंगरगांव में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
उक्त कार्यवाही में प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार, निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उप निरीक्षक पुष्पराज साहू, सउनि अनिल यादव यादव एवं आरक्षक हेमंत सुर्यवंशी, आरक्षक बीसराम वमार्, महिला आरक्षक अभिलाषा सिंह, महिला आरक्षक राजकुमारी रत्नाकर की भूमिका महत्वपूर्ण रही। जिला पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि कोई भी व्यक्ति यदि स्वयं को शासकीय अधिकारी बताकर अवैध वसूली अथवा धमकी देता है तो तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दें। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में सख्त कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!