लावारिस खड़े ट्रक से 19 भैंस बरामद, अंतरराज्यीय तस्करी की आशंका, जांच में लगी पुलिस

आरंग. आरंग पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने ग्राम गुल्लू और गुदगुदा के बीच संदिग्ध अवस्था में खड़े एक मालवाहक वाहन से 19 भैंस बरामद की हैं. आशंका जताई जा रही है कि इन मवेशियों को अवैध रूप से तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था.

ठूंस-ठूंस कर बांधी गई थी भैंस

जानकारी के अनुसार, आरंग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गुल्लू और गुदगुदा के मध्य मुख्य मार्ग पर एक मालवाहक गाड़ी (क्रमांक UP 83 CT 8790) काफी देर से संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. जब पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली, तो गाड़ी के पास या अंदर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था. बताया जाता है कि पुलिस के आने की भनक लगते ही चालक और उसके साथी वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस दंग रह गई. मालवाहक के भीतर बेहद क्रूरता के साथ 19 भैंस ठूस-ठूस कर बांधी गई थीं.

अंतरराज्यीय पशु तस्करी की आशंका

पुलिस ने तत्काल सभी मवेशियों को वाहन से बाहर निकाला और सुरक्षित आरंग नगर पालिका के कांजीहाउस भिजवाया, जहां उनके चारे और पानी की व्यवस्था की गई है. आरंग पुलिस ने उत्तर प्रदेश पासिंग नंबर वाले उक्त मालवाहक वाहन को जब्त कर लिया है. प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला अंतरराज्यीय पशु तस्करी से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है.

वाहन मालिक और गाड़ी की तलाश जारी

मामले में आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू का कहना है कि अज्ञात वाहन चालक और तस्करों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है. वाहन के नंबर के आधार पर मालिक और चालक की तलाश की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!