बिलासपुर। पेंड्रा में सर्राफा कारोबारी प्रदीप सोनी की सरे बाजार गोली मारकर हत्या के बाद पूरे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भारी आक्रोश फैल गया है। घटना के विरोध में बुधवार को जिला बंद का व्यापक असर देखने को मिला। सभी प्रमुख व्यापारी संगठनों के समर्थन से बाजार पूरी तरह बंद रहे और शहर में सन्नाटा पसरा रहा। संवेदनशील स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं।
कोटमी स्थित साप्ताहिक बाजार के दौरान मंगलवार की शाम तीन बदमाश लूटपाट की नीयत से प्रदीप सोनी की दुकान में घुसे थे। विरोध करने पर आरोपित ने नजदीक से गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए। इस वारदात से व्यापारियों में भय और नाराजगी का माहौल है। व्यापारियों ने आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी, बाजारों में सुरक्षा बढ़ाने और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। इधर, मृतक के स्वजन हत्या से बेहद आक्रोशित हैं। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे।
स्वजन के विरोध के चलते जिला अस्पताल में देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पोस्टमार्टम के लिए तीन डाक्टरों की विशेष टीम गठित की है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की भी तैयारी की गई है ताकि जांच में किसी प्रकार की विवाद की स्थिति न बने। देर शाम पीएम के बाद शव का अंतिम संस्कार कराया गया है। वहीं पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
व्यापारियों में रोष, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
पेंड्रा में सर्राफा कारोबारी प्रदीप सोनी की हत्या के बाद व्यापारियों में जबरदस्त आक्रोश है। व्यापारिक संगठनों ने घटना को कानून-व्यवस्था की बड़ी विफलता बताते हुए जिला बंद का समर्थन किया। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में लगातार सुरक्षा की मांग की जा रही थी, लेकिन प्रशासन ने पर्याप्त इंतजाम नहीं किए। दिनदहाड़े बाजार में घुसकर गोली मारने की घटना ने व्यापारियों को डरा दिया है। बंद के दौरान बाजार पूरी तरह बंद रहे और कई जगह व्यापारियों ने बैठक कर आरोपित की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उनका कहना है कि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बाजारों में पुलिस पेट्रोलिंग और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाए।
पोस्टमार्टम को लेकर अड़े परिजन, अस्पताल में बढ़ी हलचल
मृतक प्रदीप सोनी के परिजन हत्या के बाद से गहरे सदमे और गुस्से में हैं। उन्होंने साफ कहा है कि जब तक हत्या में शामिल तीनों आरोपित गिरफ्तार नहीं होते, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। स्वजन के विरोध के चलते जिला अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में रिश्तेदार, व्यापारी और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल को अस्पताल में तैनात किया गया।
अधिकारियों ने स्वजन से बातचीत कर पोस्टमार्टम कराने की अपील की, लेकिन वे गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तीन डॉक्टरों की टीम गठित की है और पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने का निर्णय लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की तलाश तेजी से जारी है और जल्द बड़ी सफलता मिल सकती है। इसके बाद स्वजन पीएम कराने राजी हुए।


