सूने मकान में चोरी का खुलासा: सराफा कारोबारी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, गहने और सोने की बिस्किट जब्त

 धमतरी। जिले के कोसमर्रा गांव में सूने मकान में हुई सोने-चांदी के गहने के साथ नगदी की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में सराफा कारोबारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के गहने, 10 ग्राम सोने का बिस्किट और वारदात में इस्तेमाल की गई कुदाली बरामद की गई है। यह घटना भखारा थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम कोसमर्रा निवासी कृष्ण कुमार कोसरे 13 मई को अपने परिवार के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अभनपुर गए हुए थे। इसी दौरान उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवार जब 17 मई को वापस लौटा, तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने भखारा थाना में मामला दर्ज कराया।

कैसे हुआ मामले का खुलासा ?

मामले की जांच में जुटी पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने अपने साथी हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कही। वहीं पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मकान का ताला और आलमारी का लॉक तोड़कर जेवरात सहित नगदी चोरी की थी। चोरी के बाद दोनों ने जेवरात आपस में बांट लिए और नगदी खर्च कर दी।

जांच में क्या खुलासा हुआ ?

जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के जेवरात बरामद किए। वहीं यह भी खुलासा हुआ कि चोरी के सोने के गुलबंद हार को रायपुर निवासी सराफा कारोबारी ओमप्रकाश सोनी को दिया गया था, जिसने उसे गलाकर 10 ग्राम का सोने का बिस्किट बना दिया था। ऐसे में पुलिस ने सोने का बिस्किट बरामद कर ओमप्रकाश को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!