कहते हैं प्यार में इंसान किसी भी हद से गुजर सकता है. नागपुर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है जिसने पुलिस को भी सकते में डाल दिया है. दरअसल, पुलिस ने चोरी के एक ऐसे मामले का खुलासा किया है, जिसमें “ट्रू लव” का तड़का शामिल है. पूरा मामला कलमना इलाके का है, जहां एक गोदाम से करीब 11.39 लाख रुपये का सामान चोरी हो गया. और इस पूरी वारदात के पीछे जो वजह सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया. आरोपी ने बताया की उसने गर्लफ्रेंड को iPhone दिलाने के लिए चोरी की.
क्या है पूरा मामला ?
पूरी वारदात 27 और 28 मई की दरमियानी रात की है. नागपुर के कलमना इलाके में स्थित टाइल्स, सैनिटरी और सीपी फिटिंग का गोदाम है. वारदात वाली रात सन्नाटे का फायदा उठाकर चोरों ने गोदाम पर हाथ साफ़ कर दिया.
दूसरी मंजिल पर लगी टीन की चादर तोड़ चोर अंदर घुसे और नल, घरेलू इस्तेमाल के अलग-अलग सीरीज के नल और अन्य कीमती सामान समेट लिया गया. सुबह जब गोदाम मालिक राहुल जयचंद ब्रह्मा पहुंचे, तो पूरा मंजर देखकर उनके होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत कलमना पुलिस को इस चोरी की सूचना दी . मामला दर्ज हुआ और फिर जांच शुरू हुई.
25 से ज्यादा CCTV फुटेज की जाँच
पुलिस ने इसे किसी साधारण चोरी की तरह नहीं लिया. टीम ने आसपास के इलाकों में लगे 25 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. कई घंटे की मेहनत के बाद कुछ संदिग्ध मूवमेंट्स पुलिस के हाथ लगे. धीरे-धीरे सुराग जुड़े और पुलिस तीन आरोपियों तक पहुंच गई.
जब आरोपियों को पकड़ा गया, तो सामने आए- इरफान अली उर्फ इम्मू रमजान अली और दो नाबालिग. शुरुआती पूछताछ में तो सब सामान्य लगा, लेकिन जैसे-जैसे सवाल बढ़े, कहानी का असली ट्विस्ट सामने आने लगा.
गर्लफ्रेंड को iPhone दिलाने की वारदात
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि एक नाबालिग की गर्लफ्रेंड ने उससे iPhone की डिमांड कर दी थी. बस यहीं से कहानी शुरू हुई. जेब में पैसे नहीं थे, लेकिन प्यार में ‘इम्प्रेशन’ डालने का प्रेशर भारी पड़ गया. फिर प्लान बना- गोदाम में सेंधमारी, सामान चोरी और उसे बेचकर पैसे जुटाने का इरादा.
इसके बाद तीनों ने मिलकर इलाके की रेकी की और फिर मौका देखकर गोदाम में घुस गए. चोरी का सामान समेटा गया और फरार हो गए. लेकिन ज्यादा दिन तक पुलिस से बच नहीं पाए. कलमना पुलिस ने 25 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आखिरकार तीनों को दबोच लिया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की बात कबूल भी कर ली है.
कलमना पुलिस स्टेशन के सब इंस्पेक्टर संतोषकुमार रामलोड़ ने बताया कि तकनीकी जांच और लोकल इनपुट के आधार पर आरोपियों को पकड़ लिया गया. फिलहाल तीनों आरोपी हिरासत में हैं. दो नाबालिगों के खिलाफ जुवेनाइल प्रोसीडिंग्स के तहत कार्रवाई चल रही है, जबकि वयस्क आरोपी से पूछताछ जारी है.


