रायबरेली. प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक टावर पर चढ़ गया. यह घटना मिल एरिया थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव के पास हुई, जहां घंटों तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा. युवक की पहचान डीह थाना क्षेत्र के सुमंत राज के रूप में हुई है. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, युवक सुमंत राज अपनी प्रेमिका की शादी तय होने से आहत था. एकतरफा प्यार में निराशा के चलते उसने यह कदम उठाया. रुस्तमपुर गांव के पास स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़कर उसने घंटों तक हंगामा किया, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया. घंटों की मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार पुलिस युवक को टावर से सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक को टावर पर चढ़ा देखा जा सकता है.


