दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 8 लोगों की मौत, 15 से ज्यादा घायल

पंजाब के फिरोजपुर जिले में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। फाजिल्का रोड पर हुए इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। यह हादसा फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर गांव जंगा वाला के पास हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक और महिंद्रा पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में 8 लोगों की मौत

जानकारी के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 4 अन्य लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह हादसे में कुल 8 लोगों की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस की टीम भी मौके पर पहुंची।

पिकअप में सवार थे करीब 25 लोग

पुलिस के अनुसार, जिस पिकअप वाहन का हादसा हुआ उसमें लगभग 25 लोग सवार थे। वाहन में क्षमता से अधिक लोग बैठे हुए थे। हादसे के कारण बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्री वाहन के अंदर ही फंस गए। बचाव दल को उन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया ताकि उन्हें समय पर इलाज मिल सके।

सभी मृतक और घायल आपस में रिश्तेदार

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए अधिकांश लोग आपस में रिश्तेदार थे। वे एक पारिवारिक कार्यक्रम के सिलसिले में यात्रा कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, परिवार का एक सदस्य कुछ समय पहले निधन हो गया था। उसके फूल जल प्रवाह करने के लिए सभी लोग जलालाबाद से अमृतसर जिले के ब्यास स्थित डेरा राधा स्वामी जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार के लोग धार्मिक रस्म पूरी करने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

अस्पतालों में चल रहा इलाज

हादसे के बाद सभी घायलों को पहले फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया।
हालांकि, कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, गंभीर मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि कुछ घायलों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हुई थी। हालांकि, हादसे की असली वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!